जागरण संवादी में साहित्य के साथ हुनर, स्वाद और स्टार्टअप का संगम; देर शाम तक रही जबरदस्त भीड़
जागरण संवादी के दूसरे दिन लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में साहित्य, हुनर, स्वाद और स्टार्टअप का अद्भुत संगम देखने को मिला।

जागरण संवादी में कैरीकेचर बनाते कार्तिक। जागरण
HighLights
लखनऊ विश्वविद्यालय में जागरण संवादी का दूसरा दिन उत्सवपूर्ण रहा।
साहित्य, हुनर, स्वाद और स्टार्टअप का अद्भुत संगम देखने को मिला।
युवाओं ने हस्तनिर्मित उत्पादों और पारंपरिक कलाओं में गहरी रुचि दिखाई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दैनिक जागरण की ओर से आयोजित संवादी के दूसरे दिन शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। साहित्य, कला, विचार और संवाद के लिए जुटे युवाओं के बीच संवादी की भव्यता और विविधता आकर्षण का केंद्र रही।
पहले सत्र से लेकर अंतिम सत्र तक वक्ताओं को सुनने के लिए कैंपस में जेन जी की भारी भीड़ जुटी रही। मालवीय सभागार के भीतर विचारों की दुनिया सजी तो बाहर हुनर, स्वाद और उद्यमिता की रंगीन छटा देखने को मिली।
सभागार के बाहर लगे विभिन्न स्टालों पर सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। फेस्टी केरल मसाले के काउंटर पर दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। वहीं, यूनिक और हैंडमेड बैग के स्टाल पर युवाओं की खास दिलचस्पी देखने को मिली।
लोग न केवल उत्पादों को देख रहे थे, बल्कि उनकी डिजाइन, उपयोगिता और बनाने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ले रहे थे। संवादी में साहित्यिक कार्यक्रमों के साथ छोटे उद्यमियों और स्थानीय हुनर को मंच मिलने से आयोजन का दायरा और व्यापक नजर आया।
हैंडमेड बैग का स्टाल लगाने वाली प्रीति पिछले पांच वर्षों से अपने हुनर को कारोबार में बदलने की कोशिश कर रही हैं। उनके स्टाल पर हैंडबैग, स्लिंग बैग, लेडीज पर्स, मल्टीपर्पज आर्गेनाइजर और कई तरह के क्रिएटिव उत्पाद प्रदर्शित किए गए। प्रीति ने बताया कि उनके सभी उत्पाद पूरी तरह हस्तनिर्मित हैं।
डिजाइन में नवीनता, अच्छी गुणवत्ता के मटेरियल और बेहतर फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देती हैं। आनलाइन माध्यम से उनके उत्पादों को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। सबसे अधिक मांग दक्षिण भारत, खासकर कर्नाटक के अलावा दिल्ली और पंजाब में है। उन्होंने बताया कि संवादी के बारे में जानकारी मिलने पर पहली बार आफलाइन स्टाल लगाने का निर्णय लिया। यहां ग्राहकों की पसंद को करीब से समझने का मौका मिला। आनलाइन और आफलाइन खरीदारों की पसंद में अंतर भी महसूस हुआ।
दैनिक जागरण के मंच पर उनके उत्पादों को लोगों की सराहना मिली, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने इस अवसर के लिए दैनिक जागरण का आभार जताया। संवादी परिसर में मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए चाक का प्रदर्शन भी लोगों को अपनी ओर खींच रहा था।
पारंपरिक चारपाई और मचिया के डिस्प्ले ने ग्रामीण जीवन और लोक संस्कृति की यादें ताजा कीं। युवा इन पारंपरिक वस्तुओं को उत्सुकता से देख रहे थे और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे थे। इस तरह संवादी केवल विचारों और साहित्य का मंच नहीं, बल्कि परंपरा, रचनात्मकता, स्वाद और नए उद्यमों को जोड़ने वाला जीवंत उत्सव बन गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।