इटौजा टोल प्लाजा पर टोल वसूली फिर शुरू, सर्वर विवाद और राजस्व हानि
लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटौजा टोल प्लाजा पर 24 सितंबर से टोल वसूली शुरू हो गई है। एसटीएफ द्वारा सर्वर ...और पढ़ें

अस्थायी सर्वर लगाकर शुरू हुआ टोल का काम। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
इटौजा टोल प्लाजा पर 24 सितंबर सुबह 4 बजे से वसूली शुरू।
एसटीएफ द्वारा सर्वर ले जाने से 27 लाख रुपये का नुकसान।
लखनऊ-सीतापुर NH30 पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 30) पर टोल वसूली का काम 24 सितंबर की सुबह चार बजे से शुरू कर दिया गया है। इटौजा टोल पर अस्थायी सर्वर लगाकर पहले ट्रायल किया गया और फिर ट्रांजेक्शन फास्ट्रैक से सफल होने के बाद सभी लेन पर टोल लेने का काम शुरू कर दिया गया।
टोल संचालित करने वाली एजेंसी लखनऊ-सीतापुर एक्सप्रेसवे लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि यूपीआइ पेमेंट में तकनीकि दिक्कतें आ रही थी, जिसे शाम तक दूर कर लिया गया। वहीं टोल एजेंसी ने एसटीएफ से सर्वर लेने के लिए पत्राचार भी शुरू कर दिया है। लखनऊ सीतापुर एक्सप्रेसवे लिमिटेड के अधिकारियों ने एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर अपने सर्वर और 38 घंटे के दौरान (22 सितंबर की दोपहर दो बजे से 24 सितंबर की सुबह 3.59 बजे तक) हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए कहा है। हालांकि एसटीएफ न्यायालय के आदेशों का हवाला दे रही है। उधर 24 सितंबर की शाम तक सर्वर एसटीएफ ने वापस नहीं किया था।
इटौजा टोल से नियमित रूप से 43 से 45 हजार वाहन प्रतिदिन निकलते हैं। बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण ही लखनऊ सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन से छह लेन करने की तैयारी की जा रही है। एक हजार करोड़ की लागत से बनने वाले छह लेन के इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाला यह पहला टोल है। एनएचएआइ के अधिकारियों ने बताया कि टोल एजेंसी को अभी पुराना सर्वर नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें- स्नातक लखनऊ खंड चुनाव: विधानसभा-लोकसभा की तर्ज पर मैदान में 1720 प्रभारी और एजेंट उतरेगी सपा
सर्वर क्यों ले जाया गया है, इसके पीछे क्या कारण है, यह एसटीएफ ने अभी खुलासा नहीं किया है? उधर टोल एजेंसी को 38 घंटे में 27 लाख रुपये के राजस्व की हानि होने की बात कही जा रही है। टोल संचालकों ने नए सिरे से सीसी कैमरों की रिकार्डिंग भी टोल वसूली के साथ शुरू कर दी। क्योंकि एसटीएफ अपने साथ टोल परिसर में लगे सीसी कैमरे से जुड़े सभी उपकरण साथ ले गई थी।
