स्नातक लखनऊ खंड चुनाव: विधानसभा-लोकसभा की तर्ज पर मैदान में 1720 प्रभारी और एजेंट उतरेगी सपा
समाजवादी पार्टी लखनऊ खंड स्नातक चुनाव को विधानसभा-लोकसभा की तर्ज पर लड़ने की तैयारी में है, जिसके लिए 1720 प्रभारी ...और पढ़ें
-1790258906980_m.webp)
HighLights
सपा लखनऊ स्नातक चुनाव विधानसभा-लोकसभा की तर्ज पर लड़ेगी।
कुल 1720 पोलिंग स्टेशन प्रभारी और एजेंटों की सूची तैयार।
प्रभारियों और एजेंटों का प्रशिक्षण 4 अक्टूबर को होगा।
निशांत यादव/लखनऊ। स्नातक लखनऊ खंड चुनाव को इस बार समाजवादी पार्टी विधानसभा और लोकसभा की तर्ज पर लड़ेगी। लखनऊ खंड स्नातक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी व बड़े नेता अपने-अपने वार्डों में प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुल 1720 पोलिंग स्टेशन प्रभारी और बूथ लेवल एजेंटों की सूची तैयार की गई है। इसमें से करीब 450 प्रभारी और एजेंटों का चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण चार अक्टूबर को होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शेष प्रभारियों और एजेंटों को प्रशिक्षित करेंगे।
स्नातक चुनाव को लेकर सपा ने इस बार जमीनी स्तर पर बड़ी तैयारी की है। पिछली बार दिसंबर 2020 में चुनाव में पार्टी ने राम सिंह राणा को अपना प्रत्याशी थे। इस चुनाव में मुकाबला भाजपा के अवनीश कुमार सिंह और निर्दलीय कांति सिंह के बीच था। भाजपा ने लखनऊ खंड स्नातक सीट पर जीत दर्ज की थी। जबकि सपा इस मुकाबले में बहुत कमजोर दिखी थी।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चला था अभियान
अब कांति सिंह समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ महानगर के जिम्मेदार पदाधिकारियों की बैठक में स्नातक चुनाव को गंभीरता और पूरी तैयारी के साथ लड़ने के निर्देश दिए थे। पिछले वर्ष पार्टी ने विधानसभावार नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का अभियान चलाया था।
अब चुनाव की तैयारी के लिए लखनऊ महानगर संगठन ने लखनऊ कैंट, लखनऊ पूर्वी, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ मध्य और लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र, उनके अधीन आने वाले वार्ड के प्रभारी मनोनीत कर दिए हैं। विधायक और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी होंगे।
इसी तरह हारे-जीते पार्षद, राष्ट्रीय सचिव चौधरी जगदीप यादव, पूर्व विधायक गोमती यादव सहित क्षेत्र में रहने वाले बड़े नेता और प्रदेश,महानगर व जिला संगठन के सक्रिय पदाधिकारी अपने-अपने वार्ड के प्रभारी हाेंगे। वार्ड में 15 प्रभारी और पांच बूथ लेवल एजेंट होंगे। कुल 1720 प्रभारियों और एजेंटो की सूची तैयार की गई है।
लखनऊ खंड स्नातक चुनाव को लेकर पार्टी ने इस बार बड़ी तैयारी की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने वार्डों के प्रभारी हाेंगे। चुनाव को लेकर चार अक्टूबर को प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। -फाखिर सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष, सपा
