लखनऊ से New Delhi और हजरत निजामुद्दीन तक जाने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेन आज रद, रेलवे ने जारी किया आदेश
Indian Railways Cancelled Trains Today: रेलवे के इस आदेश से उत्तर प्रदेश से चलने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होने की आशंका है।

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद करने का आदेश
HighLights
दस अक्टूबर को दोपहर दो बजे से बाद पहुंचने वाली सभी ट्रेन रहेंगी यथावत
लखनऊ के हजारों यात्री होंगे प्रभावित, रेलवे ने दिया जाम का हवाला
विंडो टिकट लेने वाला यात्रियों का रेलवे के काउंटरों से होगा रिफंड
आईआरसीटीसी करेगा ऑनलाइन टिकटों का पूरा रिफंड
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली में दस अक्टूबर को रोड ट्रैफिक यातायात जाम का हवाला देते हुए नौ यानी शुक्रवार देर शाम से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद करने का आदेश दिया है।
जो ट्रेन वहां दस अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक पहुंचेंगी उनको रद किया गया है। रेलवे के इस फैसले के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ से देर शाम नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन जाने वाली सभी ट्रेन रद हैं।
रेलवे के इस फैसले का संबंध मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों से भी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। रेलवे के इस आदेश से उत्तर प्रदेश से चलने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होने की आशंका है।
शुक्रवार को लखनऊ मेल, गोरखधाम एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से चलने वाली संबंधित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद रहेंगी।

10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली ट्रेनें रद रहेंगी। रेलवे ने दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक की आशंका को वजह बताया है।
टिकट काउंटर और आईआरसीटीसी से होगा रिफंड
इन ट्रेनों के यात्रियों का रिफंड रेलवे अपने काउंटरों पर करेगा। जिन यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बनाया है, उनका रिफंड आईआरसीटीसी करेगा। दिल्ली से दो दिन पहले ही रेल रोको आंदोलन को लेकर आरपीएफ ने देश भर में अलर्ट जारी किया था।
