समाजवादी पार्टी से तनातनी के बीच इमरान मसूद क्यों दिखा रहे आक्रामक तेवर? इनसाइड स्टोरी
SP Congress Alliance | यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनातनी बढ़ गई है।

तस्वीर सोर्स- जागरण ग्राफिक्स
HighLights
सपा ने कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव दिया।
इमरान मसूद ने 'कबाड़ सीटें' लेने से इनकार किया।
कांग्रेस आलाकमान ने मसूद को बयानबाजी से बचने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/लखनऊ। UP Polls | SP Congress Alliance | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में कुछ ही महीने बाकी हैं। इससे पहले विपक्षी गठबंधन INDIA के दो प्रमुख सहयोगी दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर तलवारें खिंच गई हैं।
सीट शेयरिंग पर दोनों पार्टियों में पेंच फंसता ही जा रहा है। इस सियासी घमासान के केंद्र में सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद हैं।
बीते दिनों सपा ने कांग्रेस को महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, इसके बाद पांच सीटों पर प्रत्याशियों की एकतरफा घोषणा कर दी। इसके बाद से ही इमरान मसूद बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं।
इस पर इमरान ने कहा था कि "हम कोई भीख नहीं मांग रहे" और "हम कबाड़ सीटें नहीं लेंगे"। इमरान के ऐसे तीखे बयानों ने यूपी की सियासत में हलचल तेज कर दी है।
अब INDI गठबंधन में इस तनातनी के पीछे की असली वजह क्या है और इमरान मसूद इतने आक्रामक तेवर क्यों दिखा रहे हैं? समझिए इसके पीछे की पूरी इनसाइड स्टोरी-
1- सपा द्वारा '26 सीट' ऑफर करने पर भड़के मसूद
सीट शेयरिंग पर बातचीत के शुरुआती दौर में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को केवल 26 विधानसभा सीटों का ऑफर दिया, जबकि कांग्रेस की ओर से 120 से अधिक सीटों की दावेदारी पेश की जा रही है।
इमरान मसूद ने इस फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को मुश्किल या कमजोर सीटें दी जा रही हैं और गठबंधन सम्मान के आधार पर होना चाहिए, न कि एकतरफा शर्तों पर।
2- सपा द्वारा कुछ सीटों पर एकतरफा घोषणा
इतना ही नहीं, जब दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक मंथन चल ही रहा था, उसी बीच सपा ने 2027 के चुनाव के लिए पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया।
इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन धर्म में फैसले संयुक्त रूप से होते हैं, लेकिन सपा का यह रवैया कांग्रेस को कमतर आंकने और दबाव में लाने की रणनीति है।
| इन 26 सीटों की सूची देने की चर्चाएं | सूत्रों के मुताबिक, जो 26 सीटें कांग्रेस को दिए जाने की बात कही जा रही है। उनमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा, वाराणसी कैंट शामिल है। यह सीटें पूर्व में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित तौर पर सपा द्वारा कांग्रेस को सौंपी गई 54 सीटों की सूची में भी शामिल थीं। |
3- पश्चिमी यूपी में अपनी सियासी जमीन बचाने की चुनौती
सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद, पश्चिमी यूपी और आसपास के जिलों में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी की 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसमें सहारनपुर की सीट भी थी।
अब इमरान मसूद का ये कहना है कि यदि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 26 सीटों पर सिमटती है, तो पश्चिमी यूपी में उनके समर्थकों और स्थानीय नेताओं को टिकट दे पाना लगभग असंभव हो जाएगा।
इससे न केवल क्षेत्र में उनका व्यक्तिगत राजनीतिक प्रभाव कमजोर होगा, बल्कि स्थानीय कैडर भी बिखर सकता है।
यह भी पढ़ें- 'बुरे वक्त के साथी को भुलाया नहीं जा सकता', इमरान मसूद का खुला एलान- सपा MLC शाहनवाज खान लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
4- 2017 का हवाला देकर अखिलेश पर सीधा हमला
इमरान मसूद का कहना है कि कांग्रेस अब 2017 वाली स्थिति में नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब भी कांग्रेस ने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि आज तो मुख्यमंत्री का चेहरा भी तय नहीं है।
मसूद का तर्क है कि भाजपा के खिलाफ देशव्यापी लड़ाई का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं और उनके बिना इस संघर्ष का कोई अस्तित्व नहीं है। ऐसे में यूपी में कांग्रेस को केवल बची-खुची या कमजोर सीटें स्वीकार नहीं होंगी।
इमरान मसूद का यह भी कहना है कि आप जैसा देंगे, वैसा ही पाएंगे। अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी गईं, तो नतीजा भी शून्य ही होगा।
5- कांग्रेस आलाकमान ने इमरान को दी नसीहत
इमरान मसूद के इन तरह के बयानों के बाद से ऐसे कयास लगाए गए कि गठबंधन में रार बढ़ रही है। जिसे देखते हुए कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मामले को संभालने की कोशिश की है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मसूद को सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय संगठन और काम पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी है। साथ ही कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बना रहेगा। हमें अपनों से नहीं, बल्कि बाहर के दुश्मनों से लड़ना है।
5- खरगे की नसीहत के बाद भी इमरान ने दिया बयान
खरगे की नसीहत के बाद भी शुक्रवार को इमरान मसूद का बयान सामने आया। उन्होंने आक्रामक तेवर में सपा को कहा कि 2022 में तो मुसलमान ने एकतरफा होकर, अंधे होकर हमें वोट डाल दिया था, हम हार क्यों गए थे? यह जिम्मेदारी आपके कंधों पर ज्यादा है। आप हमसे उम्मीद कर रहे हैं, हम तैयार हैं।
हमने गुणवत्ता और मात्रा, दोनों की बात कही थी। ये 26 सीट आपने हमें दी हैं, इनका नतीजा आप उठा लीजिए, ये जो आप हमें दे रहे हैं, हम इसका क्या करेंगे, आपको मुबारक। इसका हमारे से क्या लेना देना। हमें दे दीजिए, हम लड़ लेंगे, लेकिन गुणवत्ता और मात्रा, दोनों चाहिए।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी की ओर से यह भी बयान सामने आया कि सीटों का बंटवारा किसी तय संख्या के बजाय हर एक सीट पर जीत की संभावना (Winnability) के आधार पर चर्चा करके तय होगा। हमे वही सीटें कांग्रेस को ऑफर की हैं, जहां वह जीत सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।