विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा की लिस्ट पर कांग्रेस का पलटवार: इमरान मसूद ने लगाया गठबंधन धर्म न निभाने का आरोप, पूछे तीखे सवाल

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:46 PM (GMT+05:30)

समाजवादी पार्टी द्वारा पांच सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

फोटो सौजन्य- इमरान मसूद के आधिकारिक मेटा प्रोफाइल से।

फोटो सौजन्य- इमरान मसूद के आधिकारिक मेटा प्रोफाइल से।

HighLights

  1. सपा ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए।

  2. इमरान मसूद ने सपा पर गठबंधन धर्म न निभाने का आरोप लगाया।

  3. कांग्रेस ने सपा के एकतरफा प्रत्याशी घोषणा पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जागरण टीम, लखनऊ। समाजवादी पार्टी की ओर से बेहट और सहारनपुर देहात सहित पांच सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद गठबंधन की गांठ ढीली पड़ने के संकेत मिल रहे हैं।

कभी सहारनपुर की सातों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का दावा करने वाले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा प्रत्याशियों की सूची को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लड़ाई भाजपा को सत्ता से हटाने की है। सपा गठबंधन धर्म नहीं निभा रही। गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं। गठबंधन में प्रत्याशियों की साझा सूची जारी होती है, एकल नहीं। सपा को यह बताना चाहिए कि उसे भाजपा से लड़ना है या फिर कांग्रेस से।

सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच दो दौर की वार्ता होने के बाद भी सपा अभी तक कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें ही देने पर सहमत हुई है। इनमें से भी 22 सीटों पर भाजपा की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। 26 सीटों पर गठबंधन करने को लेकर कांग्रेस नेता एकमत नहीं है।

सहारनपुर देहात से सपा विधायक आशु मलिक के साथ उनकी जुबानी जंग गाहे-बगाहे सुर्खियां बनती रहीं। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन की बैठक के दौरान कांग्रेस की ओर से सौंपी गई सूची में भी सहारनपुर देहात और बेहट सीट प्रमुखता से शामिल थी। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताते हुए प्रत्याशी घोषित कर पासा ही पलट दिया।

सहारनपुर से जागरण संवाददाता के अनुसार घोषणा के बाद नाराज हुए कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा चाहे तो 403 प्रत्याशियों की सूची जारी करे, लेकिन गठबंधन के प्रति ईमानदारी दिखानी चाहिए। एक तरफ अच्छी बातचीत चल रही है, दूसरी तरफ सपा सूची जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हम गठबंधन के प्रति गंभीर हैं। सपा को भी गंभीरता दिखानी चाहिए। इमरान ने कहा कि वे भी 403 प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकते हैं, पर पार्टी जो निर्धारित करेगी, वहीं किया जाएगा।

दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी प्रत्याशी घोषित करने को लेकर नाराजगी जताई है। कहा है कि सपा बातचीत पूरी होने के बाद भी सूची जारी कर सकती थी। सहारनपुर देहात से सपा विधायक आशु मलिक ने प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 26-35 की लिस्ट का कोई आंकड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने जिस प्रकार का विश्वास मुझ पर जताया है, उसके लिए आभारी हूं।

यह भी पढ़ें- इमरान मसूद ने सपा को याद दिलाया 2012 का रिकॉर्ड, बोले- 'मैं पश्चिमी यूपी का बड़ा मुस्लिम चेहरा हूं, बस यही परेशानी...

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।