अगर युद्ध चलता रहा… ईरान-अमेरिका जंग से बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम, ONGC के पूर्व अधिकारी ने बताई अंदर की बात
ओएनजीसी के पूर्व प्रमुख डॉ. श्रीकृष्ण देशपांडे ने खाड़ी युद्ध जारी रहने पर भारत में गंभीर ऊर्जा संकट की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि युद्ध से तेल की कीमतें बढ़ेंगी, जिससे महंगाई और आम आदमी पर असर पड़ेगा।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
गौरी त्रिवेदी, लखनऊ। खाड़ी में अगर युद्ध इसी तरह जारी रहा तो भारत में ऊर्जा का गंभीर संकट पैदा हो सकता है। भारत के पास सीमित तेल भंडार है जिसे सामान्य परिस्थितियों में उपयोग नहीं किया जा सकता। तेल का सीमित भंडार केवल आपदा या युद्ध की स्थिति में ही इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए ईरान और अमेरिका व इजरायल के बीच जारी युद्ध को जल्द खत्म होने की उम्मीद करनी चाहिए।
यह कहना है ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन के पूर्व कार्पोरेट प्लानिंग के प्रमुख डाॅ. श्रीकृष्ण देशपांडे का जो सोमवार को बीरबल साहनी पुरा विज्ञान संस्थान में ‘आयल हंटर: भारत में तेल खोज की यात्रा, इतिहास और आज की स्थिति’ पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने भारत में तेल खोज की अब तक की यात्रा और उसमें आने वाली चुनौतियाें पर भी प्रकाश डाला।
पेश है साक्षात्कार...
सवाल : अगर युद्ध इसी तरह जारी रहता है तो भारत पर इसका और क्या असर पड़ेगा?
जवाब: अगर हालात इसी तरह बने रहे तो तेल की कीमतों में बड़ा उछाल तय है। शुरुआत में कीमत लगभग 80 डालर प्रति बैरल थी, जो तनाव बढ़ने के साथ 120 डॉलर तक पहुंच गई। युद्ध लंबा खिंचता है तो कीमतें और ऊपर जा सकती हैं। इसका असर सिर्फ ईंधन पर ही नहीं, बल्कि परिवहन, महंगाई और आम आदमी की जेब पर भी पड़ेगा।
सवाल: भारत के पास अभी कितने दिनों का तेल स्टाक उपलब्ध है?
जवाब: यह संवेदनशील जानकारी होती है, लेकिन इतना कहा जा सकता है कि भारत के पास आपूर्ति बनाए रखने लायक पर्याप्त रणनीतिक भंडार मौजूद है। यह स्टाक जमीन के अंदर सुरक्षित रखा जाता है और इसे केवल आपातकालीन परिस्थितियों जैसे युद्ध या वैश्विक आपूर्ति पूरी तरह ठप होने पर ही इस्तेमाल किया जाता है।
सवाल: विदेश से भारत की तेल पर निर्भरता कितनी है?
जवाब: भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है। हर साल देश करीब 23 से 25 करोड़ टन तेल आयात करता है, जबकि घरेलू उत्पादन केवल तीन से चार करोड़ टन के आसपास ही है। यही वजह है कि वैश्विक घटनाओं का सीधा असर भारत पर सबसे अधिक पड़ता है।
सवाल : उत्तर प्रदेश में तेल खोजने के प्रयास क्यों सफल नहीं हुए?
जवाब: करीब चार दशक साल पहले शाहजहांपुर व लखनऊ सहित कई जिलों में व्यापक स्तर पर खुदाई की गई थी। उस समय दावा था कि उत्तर प्रदेश में भी सऊदी अरब की तरह तेल के भंडार हो सकते हैं। यहां की सतही संरचना काफी हद तक समान लगी, इसलिए कई बार प्रयास किए गए लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। तब से हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं हालांकि कुछ संसाधनों की कमी भी वजह रही है।
सवाल : शिवालिक क्षेत्र को लेकर क्या संभावनाएं थीं?
जवाब: शिवालिक की भू-रचना ईरान तक फैली हुई है और उसका विस्तार उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश तक भी आता है। लेकिन तेल उत्पादन के लिए जरूरी चट्टानें और दबाव की स्थिति यहां उपलब्ध नहीं हो पाई। हमने उत्तराखंड क्षेत्र में भी प्रयास किए लेकिन उत्पादन संभव नहीं हो सका।
सवाल : तेल निकालने में किस तरह की वैज्ञानिक चुनौती होती है?
जवाब: तेल की खोज कर उसे निकालना एक संतुलित वैज्ञानिक प्रक्रिया है। अगर एक सीमा से अधिक मात्रा में तेल निकाला जाता है तो प्राकृतिक दबाव खत्म हो जाता है और कुआं बंद हो सकता है। फिर उसे दोबारा चालू करने में हजारों करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इसलिए नियंत्रित और सीमित उत्पादन ही संभव है। हम चाहकर भी ज्यादा तेल निकाल नहीं सकते हैं।
सवाल: वैश्विक राजनीति तेल बाजार को कैसे प्रभावित करती है?
जवाब: हर देश अपने हित को प्राथमिकता देता है। ताकतवर देश सस्ते में तेल खरीदकर संकट के समय ऊंचे दाम पर निर्यात करते हैं। अंतरराष्ट्रीय संबंध, समझौते और ताकत ये सभी तेल की कीमत और आपूर्ति को प्रभावित करते हैं। युद्ध आगे बढ़ा तो मजबूत देश भंडारण करेंगे फिर मनमानी कीमत पर बेचेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।