विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा उम्मीदवार गोपी कृष्ण पांडेय का PM मोदी से है पुराना नाता, 25 साल पहले साथ में देखी थी 'गदर' फिल्म

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:04 AM (IST)

भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवारों में अनुभवी चेहरों को मौका दिया है, जिसमें कानपुर के गोपी कृष्ण पांडेय का नाम प्रमुख ...और पढ़ें

राज्य सभा सदस्य के लिए भाजपा प्रत्याशी गोपी कृष्ण पांडेय और PM नरेंद्र मोदी

राज्य सभा सदस्य के लिए भाजपा प्रत्याशी गोपी कृष्ण पांडेय और PM नरेंद्र मोदी

HighLights

  1. गोपी कृष्ण पांडेय का प्रधानमंत्री मोदी से ढाई दशक पुराना संबंध।

  2. 2001 में मोदी पांडेय के कानपुर स्थित घर पर तीन दिन रुके।

  3. मोदी ने पांडेय के घर बाल कटवाए और साथ 'गदर' फिल्म देखी।

जागरण टीम, लखनऊ। भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों में संगठन के अनुभवी चेहरों के साथ सामाजिक व राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले नाम हैं। राज्यसभा के लिए भाजपा के आठ उम्मीदवारों में कानपुर के पाण्डेय का नाम चर्चा में है। पार्टी संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे पाण्डेय का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करीब ढाई दशक पुराना संबंध बताया जाता है।

वर्ष 2001 में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रहते मोदी कानपुर आए थे और तीन दिन पांडेय के जूही स्थित घर पर रुके थे। इस दौरान दोनों ने लाल पैलेस में ‘गदर’ फिल्म देखी और मोदी ने उनके घर पर ही बाल भी कटवाए थे।

धर्मपाल सिंह

धर्मपाल सिंह बरेली निवासी और आंवला विधानसभा सीट से विधायक धर्मपाल सिंह वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश सरकार में दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री है। वह दूसरी बार योगी सरकार में मंत्री है। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं, पांच बार विधायक रह चुके। वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय से एलएलबी, बीएड और एमए हैं। वह पहली बार 1996 में विधायक बनकर विधासभा पहुंचे। इसके बाद 1997 में मायावती सरकार में मंत्री बने।

राधाकांत ओझा

राधाकांत ओझा मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता तथा दो बार हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 1987 से ही वह हाई कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे हैं। वह बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद से संबद्ध रहे। उनके भाई शिवाकांत ओझा भाजपा के टिकट पर प्रतापगढ़ से विधायक निर्वाचित हुए थे, मंत्री भी बने।

प्रकाश पाल

प्रकाश पाल कानपुर देहात के निवासी प्रकाश पाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और तीन दशक से अधिक समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। करीब तीन वर्ष तहसील प्रचारक रहने के बाद 1994 में फतेहपुर के जिला संगठन मंत्री बने। वर्तमान में भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पूर्व वह भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष थे। 2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में यूपी से गए प्रवासी कार्यकर्ताओं की टीम का नेतृत्व भी किया।

विद्या सागर सोनकर

विद्या सागर सोनकर मूल रूप से जौनपुर के निवासी और भाजपा के प्रमुख दलित चेहरों में गिने जाते हैं। किशोरावस्था में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। 1990 में जौनपुर नगर पालिका के सभासद चुने गए और 1996 में तत्कालीन सैदपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद निर्वाचित हुए। 2018 में विधान परिषद सदस्य चुने गए। भाजपा संगठन में उन्होंने 2000 में जौनपुर जिलाध्यक्ष और 2014 में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला। उत्तर प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।

गोपी कृष्ण पाण्डेय

गोपी कृष्ण पाण्डेय मूल रूप से कानपुर देहात निवासी गोपी कृष्ण पाण्डेय 1997 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। 2000 में किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने आंध्र प्रदेश व कर्नाटक विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई। भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य भी रहे। उनकी पहचान चुनावी राजनीति के बड़े चेहरे से ज्यादा संगठन के लिए काम करने वाले नेता की रही है। संगठनात्मक कामों के लिए अलग-अलग राज्यों में भी सक्रिय रहे हैं।

प्रियंका सिंह रावत

प्रियंका सिंह रावत उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रमुख दलित महिला चेहरा हैं। बाराबंकी से 16वीं लोकसभा की सदस्य रह चुकी हैं। मोदी लहर में कांग्रेस के सांसद डा.पीएल पुनिया को हराया था। कम उम्र में सांसद बनने वाली प्रियंका अफसरों से तनातनी के लिए चर्चा में रहीं। उनके कार्यकाल में गनेशपुर से चहलारी घाट तक सरयू नदी पर तटबंध बनवाना बड़ी उपलब्धि रही। 2019 में टिकट कटा लेकिन उन्होंने धैर्य से काम लिया। वर्तमान में प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष और पूर्व में प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं

राम प्रताप सिंह चौहान

राम प्रताप सिंह चौहान वर्तमान में भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं। वर्ष 2017 से 22 तक 2017 में आगरा की एत्मादपुर सीट से विधायक रहे। इससे पूर्व भाजपा संगठन में विभिन्न स्तरों पर दायित्व संभाले। 1991 में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बने। 1998 से 2001 तक महानगर अध्यक्ष रहे। 2001 में ब्रज क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए। 2006-07 में आगरा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2007 से 2012 तक ब्रज क्षेत्र के महामंत्री और 2013 से 2016 तक प्रदेश मंत्री रहे।

श्रुति गंगवार

श्रुति गंगवार पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री हैं। बरेली लोकसभा सीट से आठ बार सांसद रहे हैं। वह अर्बन कोआपरेटिव बैंक बरेली की चेयरपर्सन हैं। बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में सामाजिक व राजनीतिक रूप से अत्यधिक सक्रिय हैं। आईआईटी रुड़की से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और आईआईएम बेंगलुरु से एंटरप्रेन्योरशिप मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद उन्होंने आइटी क्षेत्र में कदम रखा और इन्फोसिस से करियर की शुरुआत की।

यह भी पढ़ें- यूपी में सीटों की हिस्सेदारी से पहले शक्ति प्रदर्शन करेंगे चिराग, रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर जुटेंगे कार्यकर्ता-समर्थक