यूपी में सीटों की हिस्सेदारी से पहले शक्ति प्रदर्शन करेंगे चिराग, रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर जुटेंगे कार्यकर्ता-समर्थक
चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 8 अक्टूबर को लखनऊ में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर शक्ति प्रदर्शन करेगी।

चिराग पासवान।
HighLights
रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम।
चिराग पासवान 2027 विधानसभा चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
एनडीए गठबंधन में सीटों की हिस्सेदारी पर जोर दिया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत सीटों में हिस्सेदारी मांगने की तैयारी कर रही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब शक्ति प्रदर्शन कर राजनीतिक संदेश देने जा रही है।
इसके लिए पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की छठवीं पुण्यतिथि पर आठ अक्टूबर को राजधानी लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें पार्टी अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा के साथ बिहार में एनडीए गठबंधन के साथी दल अब उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनाव के मैदान में उतरने की तैयारी कर हैं। जनता दल यूनाईटेड के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी यहां सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके लिए अब तक प्रदेश में कई बार दौरा कर चुके हैं और संगठन काे मजबूत करने की कवायद हो रही है।
दयालबाग क्षेत्र में प्रदेश इकाई कार्यक्रम करेगी पार्टी
जमुई सांसद और यूपी प्रभारी अरुण भारती लखनऊ में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दे रहे हैं। उप्र में एनडीए से गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि इसका निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान करेंगे। प्रदेश संगठन अपनी तैयारी करेगा। पार्टी संस्थापक की पुण्यतिथि पर लखनऊ के दयालबाग क्षेत्र में प्रदेश इकाई कार्यक्रम करेगी।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले कर्मचारियों को बड़ी सौगात दे सकती है योगी सरकार, बोनस फिक्स; महंगाई भत्ते पर केंद्र की मुहर का इंतजार
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का उत्तर प्रदेश और यहां के लोगों से विशेष लगाव रहा है। उनकी पुण्यतिथि पर बिहार के नेता के अलावा उप्र में उनसे जुड़े लोगों और समर्थकों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि वे कार्यक्रम में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 चुनाव को लेकर संगठन बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ा रहा है और उम्मीदवारों की तैयारी भी की जा रही है।
