विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में ब्लड बैंकों में धांधली पर FSDA का बड़ा एक्शन, 7 और सेंटरों पर ताला; अब तक 14 पर लगा प्रतिबंध

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:22 AM (IST)

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने नियमों की अनदेखी पर उत्तर प्रदेश में सात और ब्लड बैंकों का संचालन ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. FSDA ने 7 और ब्लड बैंकों का संचालन बंद किया।

  2. अब तक कुल 14 ब्लड बैंकों पर प्रतिबंध लगाया गया।

  3. जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ब्लड बैंकों (रक्त कोष) में नियमों की अनदेखी के खिलाफ चल रहे अभियान में सात और ब्लड बैंकों का संचालन बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही अब तक प्रदेश के 14 ब्लड बैंकों में रक्त संग्रह, प्रसंस्करण और वितरण पर रोक लगाई जा चुकी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीमें 31 जिलों के 81 ब्लड सेंटरों की औचक जांच कर चुकी हैं। अभियान के तहत जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

तीन दिन के अंतराल के बाद दूसरे चरण में जिन सात ब्लड बैंकों पर कार्रवाई की गई है, उनमें आगरा का जय हिंद चैरिटेबल ब्लड सेंटर, मुरादाबाद का पाकवारा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, अमरोहा का जीवन-24 चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बिजनौर का यशवंती चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बदायूं का भारत ह्यूमैनिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बुलंदशहर का डिबाई चैरिटेबल ब्लड सेंटर और जौनपुर का बदलापुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर शामिल हैं।

औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त अखिलेश जैन ने बताया कि जांच में कई केंद्रों पर रक्त की अनिवार्य एलाइजा जांच के स्थान पर रैपिड किट का इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ केंद्रों पर खराब डीप फ्रीजर में रक्त घटक रखे मिले तो कई जगह चिकित्सक और प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी अनुपस्थित थे। रक्त के भंडारण, तापमान नियंत्रण और जरूरी अभिलेखों के रखरखाव में भी लापरवाही मिली।

बिजनौर के एक केंद्र में माइनस 80 डिग्री तापमान पर काम करने वाले डीप फ्रीजर का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस मिला। कुछ केंद्रों पर उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी दवाएं भी मिलीं। औषधि निरीक्षकों की अंतरजनपदीय टीमों ने रक्त की गुणवत्ता, संक्रमण जांच, कोल्ड चेन, रक्तदाता रजिस्टर, स्टाक और मूल्य निर्धारण की पड़ताल की। जांच में कमियां मिलने पर शेष केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिन ब्लड बैंकों का संचालन बंद कराया गया है, वहां उपलब्ध रक्त और रक्त घटकों के सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश करेंट अफेयर्स- अक्टूबर 2026 में UP में क्या-क्या बदला? जानिए बड़ी योजनाएं, नई नीतियां और प्रशासनिक फैसले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।