विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले FSDA की बड़ी कार्रवाई: यूपी में 60 क्विंटल असुरक्षित खाद्य सामग्री की नष्ट, 32 लाइसेंस सस्पेंड

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Fri, 06 Nov 2026 02:02 AM (IST)

एफएसडीए ने दीपावली पर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाकर उत्तर प्रदेश में 60 क्विंटल असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट की। इस दौरान 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. दीपावली पर एफएसडीए ने मिलावटखोरी के खिलाफ चलाया अभियान।

  2. उत्तर प्रदेश में 60 क्विंटल असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट की गई।

  3. गंभीर अनियमितताओं पर 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित हुए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दीपावली पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने 12 टोल नाकों और प्रमुख चौराहों पर 48 वाहनों की जांच की। इस दौरान कानपुर नगर में 22 क्विंटल दुर्गंधयुक्त खोया और हापुड़ में 28 क्विंटल पनीर पकड़ा गया। दोनों खेप को नष्ट करा दिया गया। एक सप्ताह के अभियान में कुल 60 क्विंटल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए हैं।

गंभीर अनियमितताओं पर 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।वाहनों की जांच के दौरान मऊ में 230 किलोग्राम असुरक्षित खोया और रामपुर में 350 लीटर दूध पकड़ा गया। बाराबंकी और उन्नाव में भी असुरक्षित पनीर मिला, जबकि गौतमबुद्धनगर में संदिग्ध पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। मुरादाबाद, बुलंदशहर और मथुरा में मिलावट के लिए रसायनों के इस्तेमाल के मामलों में एफआइआर दर्ज कराई गई।

बरेली के सुभाष नगर स्थित न्यू बाजपेई स्वीट्स की निर्माणशाला में भट्टी के पास शौचालय मिला। फर्श टूटी थी और परिसर में दूषित पानी भरा था। कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में फफूंद लगी पुरानी घेवर मिली। दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। मुरादाबाद की हुकूमत मिल्क केक निर्माण इकाई में अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनाई जा रही थी। मदनी स्वीट्स में उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री और अखाद्य रंग मिले।

दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित बीना मिष्ठान भंडार का कारोबार बंद करा दिया गया। कासगंज के पवन स्वीट्स पर भी गंदगी मिलने पर कार्रवाई की गई।एफएसडीए की आयुक्त डा. रोशन जैकब ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कारोबार बंद कराना नहीं, बल्कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में स्वच्छता व सुरक्षा मानकों का पालन कराना है।

यह भी पढ़ें- 'गठबंधन से बात नहीं बनी तो UP की सभी सीटों पर लड़ेगी लोजपा', काशी में गरजे चिराग पासवान

अभियान के तहत प्रदेशभर में अब तक 1,533 निरीक्षण कर 731 खाद्य नमूने लिए गए हैं। करीब 56 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 1.40 करोड़ रुपये बताई गई है। सामान्य कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।