लखनऊ एयरपोर्ट रचेगा इतिहास: पहली बार उतरेगा सऊदिया का बोइंग 777 जंबो विमान, 430 यात्रियों की सवारी
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात पहली बार बोइंग 777 जंबो विमान उतरेगा, जिसमें 430 यात्री आएंगे।

HighLights
लखनऊ एयरपोर्ट पर पहली बार बोइंग 777 की लैंडिंग।
सऊदिया एयरलाइंस का विमान 430 यात्रियों के साथ पहुंचेगा।
रनवे की उपयुक्तता जांच के बाद मिली अनुमति।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात पहली बार बोइंग 777 जंबो विमान उतरेगा। सऊदी अरब की सऊदिया एयरलाइंस का बोइंग 777 विमान रात 12:50 बजे 430 यात्रियों के साथ लखनऊ पहुंचेगा।
लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 2744 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत बड़े जंबो बोइंग विमानों के लिए 3500 मीटर लंबे रनवे की जरूरत होती है। इस कारण अब तक बड़े बोइंग 777 श्रेणी के विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर नहीं उतरते थे। पिछले दिनों सऊदी एयरलाइन की टीम ने लखनऊ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। मौजूदा रनवे को बोइंग 777 श्रेणी के विमानो की लैंडिंग के लिए रनवे उपयुक्त पाया गया।
इसे देखते हुए सऊदी एयरलाइन ने दो विमानों को एक करके बोइंग विमान का ऑपरेशन लखनऊ के लिए शुरू करने का निर्णय लिया। बोइंग 777 विमान एसवी-892/893 उड़ान संख्या के तहत संचालित होगा।
विमान एसवी-892 के रात्रि 12:50 बजे लखनऊ पहुंचेगा और एसवी-893 के रात्रि 2:30 बजे लखनऊ से प्रस्थान करेगा। पहले दिन विमान से 430 यात्री आयेंगे और 300 लखनऊ से रवाना होंगे। सऊदिया एयरलाइंस के बोइंग 777 का संचालन एयरपोर्ट पर विमानों के परिचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
