बूढ़ी आंखों में सूख गए आंसू, 11 साल में नहीं पहुंची 5 लाख की सरकारी मदद; बेटे को खो चुकी मां काट रही दफ्तरों के चक्कर
फिरोजाबाद की सावनश्री नामक विधवा अपने इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद 11 साल से 5 लाख ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
फिरोजाबाद की विधवा 11 साल से सहायता राशि का इंतजार।
बेटे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद नहीं मिली मदद।
राज्य सूचना आयोग ने जिलाधिकारी से मांगा जवाब।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सड़क दुर्घटना में इकलौते बेटे की मृत्यु के बाद पांच लाख रुपये की सहायता राशि के लिए फिरोजाबाद की शिकोहाबाद तहसील स्थित नौशहरा निवासी विधवा सावनश्री 11 वर्षों से फिरोजाबाद के जिलाधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। इसके बाद भी उन्हें जिला प्रशासन द्वारा घोषित पांच लाख रुपये की सहायता राशि जारी नहीं की गई है।
नतीजतन उन्होंने राज्य सूचना आयोग की शरण ली है। आयोग ने मामले में जिलाधिकारी से जवाब मांगा है। राज्य सूचना आयोग को दी गई शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि नौ मार्च 2015 में शिकोहाबाद के नगला किला के पास सड़क दुर्घटना में उनके इकलौते कमाऊ बेटे की मौत के बाद जिला प्रशासन ने तत्कालीन तहसीलदार से मामले की जांच कराई थी। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता राशि जारी करने की घोषणा की गई थी।
इसके बाद से पीड़िता शिकोहाबाद तहसील से लेकर फिरोजाबाद जिलाधिकारी कार्यालय के तमाम चक्कर लगा चुकी है, लेकिन उसे सहायता राशि नहीं मिली। न ही जिला प्रशासन द्वारा इस बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा रही है कि फाइल कहां पर रुकी है।
पीड़िता के पति चरन सिंह बौद्ध की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। नतीजतन पीड़िता ने कई बार जिलाधिकारी से गुहार भी लगाई है। पीड़िता द्वारा राज्य सूचना आयोग की शरण लेने के बाद भी संबंधित जनसूचना अधिकारी ने पिछली 23 जून को आरटीआइ का गोल-मोल जवाब दिया।
यह भी पढ़ें- यूपी में 45 करोड़ से बनेंगी 173 पीडियाट्रिक ट्रॉमा यूनिट, हर साल बचेगी 1800 मासूमों की जान
नतीजतन राज्य आयुक्त मोहम्मद नदीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फिरोजाबाद के जिलाधिकारी से जवाब मांगा है कि सहायता राशि जारी करने में 11 वर्षों से किस बात का इंतजार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।