विनोद तावड़े ने योगी आदित्यनाथ के मंत्रियों के कामकाज और समीकरणों पर लिया अलग-अलग लिया फीडबैक
Vinod Tawde in Lucknow: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े रविवार को लखनऊ पहुंचे और पार्टी के एक दर्जन से अधिक नेताओं से मुलाकात कर मंत्रिमंडल पर चर्चा की।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े एवं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
HighLights
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और दो पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की मुलाकात
उत्तर प्रदेश सरकार और मंत्रिमंडल में बड़े बदलावों की चर्चा तेज
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रविवार को दोपहर तेज धूप के बावजूद काफी भीड़ थी। करीब 12 बजे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुस्कुराते हुए कार से उतरे। लोगों से अभिवादन कर कार्यालय के अंदर राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से मिलने चले गए।
प्रदेश भाजपा संगठन और मंत्रिमंडल में बड़े बदलावों के कयासों के बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही, भूपेन्द्र चौधरी एवं रमापति राम त्रिपाठी ने भी तावड़े से मुलाकात की। यह क्रम शाम तक चलता रहा।
रात करीब नौ बजे प्रदेश कार्यालय पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विनोद तावड़े से मिले। सबसे अलग-अलग मुलाकात कर मंत्रियों के कामकाज, चुनावी तैयारियों एवं जातीय समीकरणों में हलचल से होने वाले प्रभावों पर फीडबैक लिया।
प्रदेश की राजनीतिक हलचल तेज
माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार, निगम आयोग एवं बोर्ड में समायोजन एवं प्रदेश इकाई के गठन पर कई स्तरों पर चर्चा हुई है। जल्द ही बड़े बदलाव दिखेंगे। विधान सभा चुनाव को देखते हुए भाजपा अपनी रणनीति को धार देने में जुटी है। पिछले चार दिन से प्रदेश की राजनीतिक हलचल तेज हुई है।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने मुलाकात कर संगठन के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अगले दिन दोनों ने लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की, जिसको लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया।
यह भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ सरकार में निगम, आयोग व बोर्ड के मुखिया की होगी ताजपोशी, शीघ्र होगा मंत्रिमंडल विस्तार
कामकाज के बारे में इनपुट
इसी बीच रविवार को केंद्रीय इकाई ने उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी रहे विनोद तावड़े को लखनऊ भेजा। तावड़े ने पार्टी की अंदरुनी हलचल, समीकरण एवं मंत्रियों के कामकाज के बारे में इनपुट लिया। चर्चा है कि अप्रैल माह के अंदर निगम, आयोग एवं बोर्ड के पदाधिकारियों का समायोजन कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- UP Cabinet Expansion: यूपी में कुछ मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, कई नए चेहरे मंत्री पद की रेस में शामिल
तावड़े ने पहले दिन मंत्रिमंडल के कामकाज एवं संभावित विस्तार में नए चेहरों को लेकर चर्चा की। बताया जा रहा कि तावड़े सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर नई दिल्ली निकल जाएंगे। केंद्रीय एवं राज्य की इकाई में सहमति बनने के बाद पार्टी कई बड़े निर्णय ले सकती है।
