पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने की कैप्टन स्मित मछार को भारतीय वायुसेना में लेने की मांग, बताया दिलेर इंसान
Captain Smit Machhar: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने कैप्टन स्मित मछार को लेकर बड़ी मांग कर दी है।

चार वर्ष से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे कैप्टन स्मित मछार रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’
HighLights
हीरो बना भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार, दुनिया ने की भारतीय पायलट की जय-जय
पीएम मोदी से साथ ट्रंप से लेकर नेतन्याहू तक कैप्टेन स्मित मछार को बता रहे हैं हीरो
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : दुबई से बुधवार को तेलअवीव जा रही एक फ्लाइट को क्रैश होने से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की दुनिया भर में जय-जयकार हो रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी से साथ अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली पीएम नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मछार को हीरो बताया है।
उत्तर प्रदेश की कई सरकार में मंत्री रहे जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने कैप्टन स्मित मछार को लेकर बड़ी मांग कर दी है। प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह तो कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी के इतने कायल हो गए कि उनके लिए केंद्र सरकार के समक्ष बड़ा प्रस्ताव रख दिया है।
रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने एक्स पर पोस्ट किया है कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की प्रशंसा पूरा विश्व कर रहा है, हम सभी भारतीयों के लिये ये बहुत गर्व और प्रसन्नता की बात है। कितना अच्छा होगा यदि इन्हें ससम्मान भारतीय सेना में पायलट के पद पर नियुक्त किया जाये, कृपया केन्द्रीय नेतृत्व विचार करना चाहे।
चारों ओर बहादुरी की सराहना
भारत में इजरायली राजनयिक वीट्जमैन बोले कि फ्लाईदुबई की घटना "आतंकी करतूत" थी, कैप्टन स्मित मछार ने बड़ी त्रासदी टाली। इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट के "अविश्वसनीय साहस" की तारीफ की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके परिवार से की बात और कहा कि कैप्टन स्मित की बहादुरी हर भारतीय का सीना गर्व से भर देती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित के कदम को बेहद सराहनीय बताया है।
सर्जरी के बाद हालत स्थिर
यूएई से इजरायल जा रहे विमान में सह पायलट कैप्टन स्मित मछार ने बुधवार को हमले से अडिग रहकर 174 यात्रियों की जान बचाई। मछार मुंबई के रहने वाले हैं और इस घटना के बाद उनकी सर्जरी हुई है। सऊदी अरब में भारतीय अधिकारियों ने बताया कि मच्छर का इलाज तबुक के अस्पताल में चल रहा है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने पोस्ट में बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
कैप्टन स्मित मछार
भारतीय कैप्टन स्मित मछार चार वर्ष से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे थे, जो अमीराती सरकार की एक कम लागत वाली एयरलाइन है। इससे पहले उन्होंने 10 वर्ष तक स्पाइसजेट के लिए काम किया था। कैप्टन के पास बोइंग 737 फ्लीट पर कमर्शियल उड़ान का 13 वर्ष से ज्यादा का अनुभव है। कैप्टन मछार ने लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी काम किया है और उनके नाम 9750 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है। कैप्टन मछार 2011 में स्पाइसजेट से जुड़े थे और यहां लाइन ट्रेनिंग कैप्टन और सीनियर कमांडर समेत कई भूमिकाओं में काम किया था। जून 2022 में उन्होंने स्पाइसजेट छोड़ दिया और डायरेक्ट एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई से जुड़ गए।
कैप्टेन स्मित मछार की बहादुरी की प्रशंसा पूरा विश्व कर रहा है, हम सभी भारतीयों के लिये ये बहुत गर्व और प्रसन्नता की बात है।
— Raja Bhaiya (@Raghuraj_Bhadri) October 1, 2026
कितना अच्छा होगा यदि इन्हें ससम्मान भारतीय सेना में पायलट के पद पर नियुक्त किया जाये, कृपया केन्द्रीय नेतृत्व विचार करना चाहे।
