भारतीय पायलट स्मित मछार को मिलेगा 'विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार', भूपेंद्र पटेल सरकार का एलान
दुबई से तेल अलीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बड़ा हादसा टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को गुजरात सरकार 'विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार' से सम्मानित करेगी।

कैप्टन स्मित मछार को मिलेगा विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। दुबई से तेल अलीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बड़े हादसे को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी और सूझबूझ की दुनियाभर में तारीफ हो रही है।
गुरुवार को गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि सरकार कैप्टन स्मित मछार को उनकी असाधारण वीरता के लिए राज्य के प्रतिष्ठित 'विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार' से सम्मानित करेगी।
को-पायलट ने चाकू से किया था हमला
कॉकपिड में उड़ान के दौरान ओमान से ताल्लुक रखने वाले को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद, कैप्टन स्मित ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए हमलावर का डटकर मुकाबला किया।
कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सतर्क किया, जिससे समय रहते हमलावर पर काबू पाया जा सका। इसके बाद विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और सभी 174 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बच गई।
गुजरात सरकार करेगी सम्मानित
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन मछार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, इजरायल जाने वाली फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मछार की हिम्मत को आज पूरी दुनिया सलाम कर रही है। हमले में बुरी तरह घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद, उन्होंने 174 यात्रियों की जान बचाने के लिए अद्भुत बहादुरी दिखाई। यह एक ऐसा कारनामा है जो बेहद प्रेरणादायक और तारीफ के काबिल है।
गुजरात के इस बहादुर बेटे ने अपनी वीरता से दुनिया भर में गुजरात और देश का नाम रोशन किया है। उनकी रगों में दौड़ता गुजराती जज्बा हम सभी को गर्व से भर देता है। उनकी बहादुरी और इंसानियत के इस असाधारण काम के लिए, गुजरात सरकार कैप्टन स्मित मछार को विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार से सम्मानित करेगी।
पूरा गुजरात उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है। देश के नागरिकों की संवेदनाएं और दुआएं कैप्टन स्मित मछार के साथ हैं।
वैश्विक स्तर पर हो रही सराहना
कैप्टन स्मित की इस जांबाजी की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि उनके असाधारण धैर्य, सूझबूझ और साहस से एक भीषण त्रासदी टल गई।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपित डोनल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन मछार की सराहना की। नेतन्याहू ने कहा कि खून बहने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद बुलाना उनकी अद्भुत बहादुरी को दर्शाता है, वहीं ट्रंप ने भी उनके साहसिक कदम की तारीफ की।
