विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्व है, नाम रोशन हो गया और बहुत नेक परिवार... दिलेर कैप्टन स्मित की बहादुरी पर क्या बोले उनके बचपन के दोस्त

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:38 PM (IST)

कैप्टन स्मित मछार ने दुबई-तेल अवीव फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया, को-पायलट के हमले का बहादुरी से मुकाबला कर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई।

कैप्टन स्मित की बहादुरी पर उनके पड़ोसियों का रिएक्शन।

कैप्टन स्मित की बहादुरी पर उनके पड़ोसियों का रिएक्शन।

HighLights

  1. कैप्टन स्मित मछार ने फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया।

  2. को-पायलट के हमले का बहादुरी से मुकाबला कर यात्रियों को सुरक्षित रखा।

  3. इजरायली और भारतीय प्रधानमंत्रियों ने उनकी असाधारण बहादुरी की सराहना की।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश कर रहे को-पायलट का डटकर मुकाबला करके सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने बचाने वाले दिलेर कैप्टन स्मित मछार एक रियल हीरो बनकर सामने आए हैं। देश और दुनिया उन पर गर्व कर रही है। इसी क्रम में उनके बचपन के दोस्त और मुंबई के लोगों ने भी उनकी बहादुरी की सराहना की है।

मुंबई में स्मित के पड़ोसी प्रतीक गांधी का कहना है कि कैप्टन स्मित ने बचपन में ही सूझबूझ का परिचय दिया था। मुंबई में पायलट के परिवार के साथ ही रहने वाले गांधी ने कहा, "वह हमेशा से बहुत शांत और संयमित रहे हैं। आस-पास के सबसे शांत लोगों में से एक।"

'हमें गर्व है कि देश का नाम रोशन किया'

गांधी ने कहा, "हमें गर्व है कि उनका जन्म यहीं हुआ और उन्होंने हमारे देश के लिए इतना शानदार काम किया है। वह हमेशा से बहुत शांत स्वभाव के थे।" गांधी बचपन में स्मिथ के पड़ोसी थे और उनके साथ क्रिकेट खेला करते थे।

इसके अलावा मुंबई में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा, "नाम रोशन हो गया।" और साथ ही यह भी कहा कि यह बहुत नेक परिवार है। वहीं, उनके एक और दोस्त ने कहा कि स्मित तुम जल्दी वापस आ जाओ।

सोमनाथ मंदिर में पूजा

उधर, श्री सोमनाथ मंदिर ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा कि राष्ट्र के गौरव, वीर पायलट स्मित मछार के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु के लिए प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ में विशेष महापूजा रखी गई।

पोस्ट में लिखा गया, "तेल-अवीव की उड़ान के दौरान अदम्य साहस, सूझबूझ और अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए 9/11 जैसे क्रूर षड़यंत्र को नाकाम कर 180 अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मछार के लिए श्री सोमनाथ महादेव की विशेष महापूजा की गई, एवं अविरत 'महामृत्युंजय मंत्रजाप अनुष्ठान' प्रारंभ किया गया है। इस जांबाज युवा को भगवान शिव अपनी विशेष कृपा से शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ करें। जय हिंद!"

नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें असली हीरो कहा और भारतीय पायलट की असाधारण बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने को-पायलट का मुकाबला किया और हवा में होने वाली एक बड़ी तबाही को रोका।

सऊदी अरब के अस्पताल में हो रहा इलाज

इजरायली अधिकारियों के अनुसार, कैप्ट स्मित का सऊदी अरब के तबुक के एक अस्पताल में इलाज हो रहा है। बुधवार को उनकी फ्लाइट का रास्ता बदलकर उन्हें वहां ले जाया गया था, क्योंकि 174 लोगों को ले जा रहे प्लेन को क्रैश करने की कोशिश में को-पायलट ने हवा में ही उन पर चाकू से हमला कर दिया था।

इजरायली अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के रहने वाले स्मित के शरीर पर खून लगा हुआ था और वह कॉकपिट के फर्श पर पड़े थे। ऐसी हालत में उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर सैकड़ों लोगों की जान बचाई। इससे यात्रियों और क्रू को को-पायलट पर काबू पाने में मदद मिली, जबकि यात्री के तौर पर यात्रा कर रहे फ्लाईदुबई के दो पायलटों ने विमान को उतारने में मदद की।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय कैप्टन की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि पायलट की बहादुरी ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की है। उन्होंने कहा, "मैं देश के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि हम सब सुमीत की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें और भाई सुमीत का सम्मान करें, जिन्होंने भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है।"

यह भी पढ़ें: '9/11 जैसा हमला होने से बचा लिया', पीएम मोदी ने की फ्लाईदुबई के जांबाज कैप्टन स्मित मछार की तारीफ