पशुपालन भर्ती घोटाले में ईडी की जांच तेज, पूर्व IAS योगेश कुमार से जेल में होगी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सपा सरकार के कार्यकाल के पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। अब ईओडब्ल्यू की चार्जशीट के बाद ईडी मनी लॉन्ड्रिंग पहलू पर पूर्व आईएएस योगेश कुमार से जेल में पूछताछ करेगी।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
ईडी ने पशुपालन भर्ती घोटाले की प्रारंभिक जांच पूरी की
ईओडब्ल्यू अगले सप्ताह अदालत में आरोप पत्र दाखिल करेगा
ईडी पूर्व आईएएस योगेश कुमार से जेल में पूछताछ करेगी
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। सपा सरकार के कार्यकाल में हुए पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। अब आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की ओर से अगले सप्ताह अदालत में आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद ईडी इस मामले में मनी लांड्रिंग के पहलू पर अपनी जांच आगे बढ़ाएगा।
ईडी तत्कालीन प्रमुख सचिव और गिरफ्तार सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार से जेल में पूछताछ की तैयारी कर रहा है। इसके लिए अदालत से अनुमति मांगी जाएगी। तत्कालीन प्रमुख सचिव से पूछताछ के बाद ईडी पूरे मामले की जांच तेज करेगा।
ईओडब्ल्यू की चार्जशीट के आधार पर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज करने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, ईडी पहले मामले में आरोपित अन्य लोगों को समन भेजकर पूछताछ करेगा। उनके बयानों और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तत्कालीन मंत्री राजकिशोर सिंह को फिलहाल समन भेजने की तैयारी नहीं है। ईडी ने ईओडब्ल्यू की प्राथमिकी, आरोप पत्र और उपलब्ध साक्ष्यों का अध्ययन करने के बाद धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत केस दर्ज करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में आज घने कोहरे का अलर्ट, कानपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान
अन्य आरोपितों को भी भेजे जाएंगे दोबारा समन
वर्ष 2014 में प्रदेश के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के 1,198 पदों पर भर्ती हुई थी। दो फरवरी 2014 को आयोजित परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इस मामले में तत्कालीन मंत्री राजकिशोर सिंह के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति की फाइल शासन में लंबित है।