टोल घोटाला: NHAI मध्यस्थों की मिलीभगत से हुआ खेल, 1.03 करोड़ बरामद; आठ बैंक लाकर फ्रीज
प्रवर्तन निदेशालय ने NHAI टोल प्लाजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.03 करोड़ रुपये नकद बरामद किए और आठ बैंक लॉकर फ्रीज किए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
ईडी ने NHAI टोल घोटाले में बड़ी कार्रवाई की।
तलाशी में 1.03 करोड़ रुपये नकद और 8 लॉकर फ्रीज।
अनधिकृत सॉफ्टवेयर से करोड़ों के राजस्व का नुकसान।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एनएचएआइ टोल प्लाजा घोटाले में संगठित गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तलाशी अभियान के दौरान 1.03 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि आठ बैंक लॉकर फ्रीज किए गए हैं।
बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज, लेखा पुस्तकें, वित्तीय अभिलेख, बैंक कागजात और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। जांच में एनएचएआइ के कुछ अधिकारियों, उनके द्वारा नियुक्त मध्यस्थों और टोल संग्रह एजेंसियों की संलिप्तता सामने आयी है। आरोप है कि इन लोगों ने अनधिकृत साफ्टवेयर के जरिए सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया है।
मीरजापुर के लालगंज थाने में 22 जनवरी 2025 को दर्ज एफआइआर में टोल प्लाजा पर धोखाधड़ी का उल्लेख था। इसके कुछ ही दिन बाद यूपीएसटीएफ ने अतरैला शिव गुलाम टोल प्लाजा पर टोल वसूली में फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया था।
अवैध मोबाइल ऐप का किया इस्तेमाल
वहां वाहनों के एफएएसटैग में बैलेंस नहीं होने या अपर्याप्त बैलेंस की स्थिति में टोल वसूलने के लिए अवैध मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह ऐप फर्जी रसीदें जारी करता था और वसूली की रकम को एनएचएआइ के आधिकारिक साफ्टवेयर से छिपा देता था। इसी एफआइआर के आधार पर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई करते हुए बुधवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और दिल्ली-एनसीआर में 14 परिसरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
जांच में सामने आया कि टोल चोरी के इस गोरखधंधे में ‘मोबडेटा’ और ‘एनी’ नामक दो अनधिकृत एप्लीकेशन का इस्तेमाल देश के करीब 100 टोल प्लाजाओं पर किया जा रहा था। इनके जरिए गैर-एफएएसटैग वाहनों से अवैध वसूली की जाती थी और इसकी निगरानी के लिए अलग पोर्टल का इस्तेमाल होता था।
ईडी ने तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। इनकी प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में करोड़ों रुपये की फर्जी रसीदों से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। ईडी के अनुसार, एनएचएआइ द्वारा नियुक्त मध्यस्थ और टोल संग्रह एजेंसियां इस पूरे तंत्र को संचालित करने और अनधिकृत साफ्टवेयर की तैनाती में सीधे तौर पर संलिप्त हैं।
जांच एजेंसी ने देशभर के टोल प्लाजाओं पर सक्रिय व्यक्तियों और संस्थाओं का एक बड़ा नेटवर्क भी चिन्हित किया है। इनके खिलाफ आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। तलाशी के दौरान 1.03 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए और आठ बैंक लॉकर फ्रीज किए गए। बरामद दस्तावेजों में टोल-वार संग्रह रिपोर्ट, गैर-एफएएसटैग वसूली के रिकार्ड, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अवैध साफ्टवेयर के संचालन से जुड़े साक्ष्य शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- मेरठ में ED का बड़ा छापा: टोल फ्रॉड मामले में दो भाइयों पर एक्शन; दस्तावेजों और लैपटाॅप की गहन जांच
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, यह किसी एक टोल प्लाजा तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि व्यवस्थित तरीके से सरकारी राजस्व की चोरी का बड़ा नेटवर्क है। जांच में अब इस नेटवर्क से जुड़े लाभार्थियों और धन शोधन के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। ईडी की 18 से अधिक टीमों ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी का मुख्य फोकस टोल वसूली से जुड़े फर्जी दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाने पर रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।