मेरठ में ED का बड़ा छापा: टोल फ्रॉड मामले में दो भाइयों पर एक्शन; दस्तावेजों और लैपटाॅप की गहन जांच
Meerut ED raid: ईडी ने मेरठ के गंगानगर में एनएचएआई टोल धोखाधड़ी मामले में दो भाइयों के घर पर छापा मारा। उन पर अनाधिकृत सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल और टोल कमाई को डायवर्ट करने का आरोप है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत हुई कार्रवाई।
अनाधिकृत सॉफ्टवेयर से टोल वसूली का आरोप।
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह गंगानगर के राधा गार्डन में नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (NHAI) के टोल प्लाजा पर धोखाधड़ी से टोल वसूली से जुड़े दो भाइयों देवेंद्र और रविंद्र शर्मा के घर पर छापेमारी की। टीम देर रात दस्तावेजों की जांच पड़ताल करती रही।
टीम ने कार्रवाई के दोनों भाइयों के साथ ही परिवार के किसी भी सदस्य को घर से बाहर नहीं जाने दिया। प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और बंगाल में लगभग 14 स्थानों पर छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसी ने पुलिस की दो एफआइआर का संज्ञान लेने के बाद प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत यह कार्रवाई की है।
आरोप है कि टोल रसीदें बनाने के लिए अनाधिकृत साफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया गया। इसके साथ ही टोल से हुई कमाई को आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किया गया। बताया जा रहा है कि फोरेंसिक जांच और नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के रिकार्ड से ऐसे साफ्टवेयर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।
इसी मामले में ईडी की एक टीम ने बुधवार सुबह मेरठ के गंगानगर की राधा गार्डन में रविंद्र शर्मा और देवेंद्र शर्मा के घर पर छापा मारा। टीम के अधिकारियों ने दोनों भाइयों और उनके परिवार के लोगों से बारी-बारी से पूछताछ की। उनके जमीन और अन्य दस्तावेज व लैपटाॅप की भी जांच की। जांच में कुछ रिकार्ड भी टीम को मिले है।
गंगानगर इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि ईडी की टीम को पुलिसकर्मी मुहैया करा दिए थे, जो घर के बाहर तैनात थे। देर रात तक टीम की कार्रवाई जारी रही। दोनों भाइयों पर एनएचएआइ के टोल का ठेका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।