आजम खान को कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में ED, शुक्रवार को कोर्ट में दे सकती है अर्जी
सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पूर्व मंत्री आजम खान को कस्टडी रिमांड पर लेने ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री आजम खान।
HighLights
ईडी आजम खान को कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
शुक्रवार को गाजियाबाद पीएमएलए कोर्ट में रिमांड अर्जी दाखिल होगी।
जौहर ट्रस्ट और शत्रु संपत्ति मामलों पर विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट से पूर्व मंत्री आजम खान को राहत नहीं मिलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी तेज कर दी है। ईडी इस सप्ताह शुक्रवार को गाजियाबाद स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में रिमांड के लिए अर्जी दाखिल कर सकता है। अदालत से अनुमति मिलने पर आजम खान को लखनऊ स्थित ईडी के जोनल कार्यालय लाकर पूछताछ की जाएगी।
दरअसल, दो पैन कार्ड के मामले में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया था। इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए आजम खान और उनके अधिवक्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करने को कहा है। इसके बाद ईडी ने भी मामले के कानूनी पहलुओं का अध्ययन शुरू कर दिया है।
ईडी की योजना आजम खान से जौहर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं के साथ ही शत्रु संपत्तियों पर कब्जे के आरोपों के संबंध में पूछताछ करने की है।
यह भी पढ़ें- भरोसा जीतकर आतंकी टास्क सौंपते हैं पाकिस्तानी हैंडलर्स, विदेशी फंडिंग से युवाओं की भर्ती का नेटवर्क खंगाल रही ATS
एजेंसी का मानना है कि कस्टडी रिमांड मिलने पर इन मामलों से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन के संबंध में उनसे विस्तार से सवाल किए जा सकेंगे। वहीं, ईडी उनकी जमानत का विरोध करने के लिए भी कानूनी आधार मजबूत करने में जुटा है।