विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भरोसा जीतकर आतंकी टास्क सौंपते हैं पाकिस्तानी हैंडलर्स, विदेशी फंडिंग से युवाओं की भर्ती का नेटवर्क खंगाल रही ATS

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:50 PM (IST)

उत्तर प्रदेश एटीएस पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलरों द्वारा स्थानीय युवाओं को फंडिंग और प्रलोभन के जरिए अपने नेटवर्क में शामिल करने के तरीकों की जांच कर रही है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते दिनों सामने आई आतंकी गतिविधियों और धमकी भरे संदेशों के मामलों में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) अब विदेशी फंडिंग, आतंकी संगठनों के संपर्क और युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करने की टाइमिंग की पड़ताल कर रहा है।

जांच एजेंसियों के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राना भाई जैसे विदेशी हैंडलर किस तरह स्थानीय युवाओं तक पहुंच बना रहे हैं और उन्हें रेकी, धमकी तथा हमले जैसे टास्क देने के लिए कैसे तैयार कर रहे हैं।

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि विदेशी हैंडलर पहले युवाओं से संपर्क बनाते हैं, फिर छोटी रकम या अन्य प्रलोभन देकर उनका भरोसा जीतते हैं और इसके बाद संवेदनशील स्थानों की रेकी अथवा किसी व्यक्ति को निशाना बनाने जैसे टास्क सौंपते हैं।

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर रेकी करने के आरोप में 30 अक्टूबर को गिरफ्तार तीन युवकों और एक किशोर के मामले में इसी पहलू को प्रमुखता से खंगाला जा रहा है। आरोप है कि पंजाब से आए युवक विदेशी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। उन्हें पुलिस या सेना के जवान की हत्या अथवा सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमले का टास्क दिया गया था। रेकी का वीडियो बनाकर विदेशी हैंडलर को भेजने के बदले तीन लाख रुपये देने का लालच दिए जाने की बात भी सामने आई थी।

एटीएस यह पता लगाने में जुटी है कि क्रिप्टोकरेंसी, डिजिटल वालेट, बैंक खातों और दूसरे माध्यमों से भुगतान हुए या नहीं। यह भी देखा जा रहा है कि अलग-अलग टास्क के लिए रकम पहले दी जाती थी या काम पूरा होने के बाद भुगतान किया जाता था। कानपुर से गिरफ्तार अंकित शंखवार के फर्जी ई-मेल आइडी नेटवर्क की जांच में भी विदेशी संपर्क और भुगतान का पहलू महत्वपूर्ण है।

क्या है आरोप?

आरोप है कि पांच लाख से अधिक फर्जी ई-मेल आइडी तैयार कर उन्हें खरीदारों तक पहुंचाया गया था। पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे संदिग्ध लोगों तथा क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान के पहलुओं की पड़ताल हो रही है। एटीएस यह भी देख रही है कि अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में कहीं इसी नेटवर्क की सेवाओं का इस्तेमाल तो नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- NHM कर्मचारियों को बड़ी राहत: ट्रांसफर नीति मंजूर, बीमा-EPF और नियमित भर्ती में वरीयता की तैयारी

गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी के बाहर छह नवंबर को हुए विस्फोट को लेकर भी एजेंसियां जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक की जांच में वहां किसी बड़े आतंकी नेटवर्क की सक्रियता के ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। इंटरनेट मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किए जाने के बाद शहजाद भट्टी के नेटवर्क से संभावित संपर्क होने की पड़ताल भी की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।