विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग का एक्शन, ERO और VRC ऑपरेटर हटाए; होगी लीगल कार्रवाई

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:52 PM (IST)

निर्वाचन आयोग ने पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की है, जहां ऑनलाइन सर्च पर दूसरे मतदाता ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. पीलीभीत मतदाता सूची में गड़बड़ी की पुष्टि हुई।

  2. ERO और VRC ऑपरेटर को तत्काल हटाया गया।

  3. पूरे प्रदेश की मतदाता सूचियों की जांच के आदेश।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने पर निर्वाचन आयोग ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मतदाता पहचान पत्र (एपिक) नंबर आनलाइन सर्च करने पर दूसरे मतदाता का विवरण सामने आने की पुष्टि के बाद विधान सभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और मतदाता पंजीकरण केंद्र (वीआरसी) ऑपरेटर को तत्काल मतदाता सूची के काम से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। मामले में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी।

पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को उठा चुके हैं। उन्होंने सदर विधान सभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मामला उठाया था। सपा इस संबंध में निर्वाचन आयोग को ज्ञापन भी दे चुकी है।

सख्त कार्रवाई करने के दिए थे निर्देश

अब कांग्रेस के भी सामने आने से यह मुद्दा और गरमा गया है। विपक्षी दलों ने मतदाता सूची में दर्ज नामों की शुद्धता को लेकर सवाल उठाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पीलीभीत के डीएम को बुधवार सुबह जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

प्रांरभिक जांच रिपोर्ट देर शाम को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को मिल भी गई। इसमें पीलीभीत के विधान सभा क्षेत्र 127 की मतदाता सूची में कुछ मतदाताओं के एपिक नंबर आनलाइन सर्च करने पर किसी दूसरे मतदाता का विवरण प्रदर्शित होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित गड़बड़ियों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मामले में ईआरओ व वीआरसी आपरेटर को मतदाता सूची के काम से तत्काल हटाने के साथ उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने को कहा है। इसके अलावा विधान सभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारी स्पष्ट करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

सभी विधान सभा क्षेत्रों में दो दिन में जांच के आदेश

पीलीभीत में सामने आई गड़बड़ी के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों की मतदाता सूचियों की भी जांच होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत को जिले के सभी विधान सभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में इस तरह की त्रुटियों की गहन जांच कर दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- बस्ती में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर यातायात डायवर्जन लागू, 27 अक्टूबर तक बदला रहेगा रूट

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी अपने-अपने जिलों के सभी विधान सभा क्षेत्रों में इसी बिंदु पर जांच कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।