विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर यातायात डायवर्जन लागू, 27 अक्टूबर तक बदला रहेगा रूट

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Wed, 21 Oct 2026 01:21 AM (IST)

बस्ती में दुर्गा पूजा, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन के लिए 21 से 27 अक्टूबर तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. 21 से 27 अक्टूबर तक बस्ती में यातायात डायवर्जन।

  2. दुर्गा पूजा, दशहरा, प्रतिमा विसर्जन के लिए विशेष व्यवस्था।

  3. निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील।

जागरण संवाददाता, बस्ती। दुर्गा पूजा मेला, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। 21 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से मेला समाप्ति तक जीआइसी से कंपनीबाग तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश, आवागमन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं 27 अक्टूबर तक दशहरा मेला और प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत निर्धारित मार्गों पर शाम चार बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात डायवर्जन प्रभावी रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

इन स्थानों पर होगी पार्किंग

महादेवा, कलवारी, नगर बाजार, हर्रैया, कप्तानगंज और महराजगंज की ओर से आने वाले वाहन केडीसी परिसर में खड़े होंगे। सोनूपार, महादेवा, मुंडेरवा और महसों की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जीआइसी परिसर निर्धारित किया गया है।

पुरानी बस्ती, स्टेशन रोड और पटेल चौक की ओर से आने वाले वाहन पांडेय स्कूल परिसर में पार्क किए जाएंगे। भानपुर और रुधौली की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग एसपी आवास चौकी के पास होगी।

इसके अलावा पूरे मेला और विसर्जन अवधि में जीआइसी ग्राउंड, केडीसी ग्राउंड, एसपी आवास के सामने खाली स्थान तथा श्रीकृष्ण इंटर कालेज, दक्षिण दरवाजा में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन

पांडेय बाजार में चैनपुरवा और शहर की ओर से आने वाले वाहन पालीटेक्निक चौराहा व बरदहिया होकर जाएंगे। करुआ बाबा की ओर पांडेय बाजार से जाने वाले वाहन रेलवे स्टेशन, दक्षिण दरवाजा और जिगिना होकर निकलेंगे।

दक्षिण दरवाजा तथा पचपेड़िया रोड से आने वाले वाहनों को अस्पताल चौराहा से जिगिना होते हुए मुंडेरवा और सोनूपार की ओर भेजा जाएगा। सोनूपार व मुंडेरवा की तरफ से आने वाले वाहन रोडवेज, मालवीय तिराहा और जिगिना के निर्धारित मार्गों से गुजरेंगे।

रोडवेज, अस्पताल और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को मालवीय तिराहा से रौता, फव्वारा, कंपनीबाग और बड़ेबन की ओर भेजा जाएगा। मालवीय तिराहा से जीआइसी की तरफ आने वाले वाहनों को जीआइसी ग्राउंड में पार्क किया जाएगा या वापस मोड़ दिया जाएगा। शहर से गांधीनगर जाने वाले वाहन रीता तिराहा और रंजीत चौराहा होकर निकलेंगे। वी मार्ट की ओर से आने वाले वाहन पकौड़ी चौराहा, कटरा और पुराना डाकखाना होकर जाएंगे।

गांधीनगर में पार्किंग पर रोक

डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहन को कंपनीबाग से गांधीनगर होकर रोडवेज की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। गांधीनगर क्षेत्र में वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों, श्रद्धालुओं और दुकानदारों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।