विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में दुबग्गा फ्लाईओवर के काम में आ रही तेजी, 20 खंभों की पाइलिंग का काम पूरा

Published: Fri, 25 Sep 2026 05:56 PM (IST)

Dubagga FlyOver Lucknow: दुबग्गा फ्लाइओवर के निर्माण में मंडी परिषद की 4669 वर्ग मीटर और वन विभाग की 6500 वर्ग मीटर जमीन सेतु निगम ले रहा है।

दुबग्गा फ्लाइओवर पर चलता पाइलिंग से जुड़ा काम। सेतु निगम

दुबग्गा फ्लाइओवर पर चलता पाइलिंग से जुड़ा काम। सेतु निगम

HighLights

  1. फ्लाईओवर बनने से पांच लाख से अधिक लोगों को मिलेगी राहत

  2. फ्लाईओवर के निर्माण में बीस हजार वर्ग मीटर जमीन का होगा उपयोग

जागरण संवाददाता, लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की टीम ने दुबग्गा फ्लाइओवर बनाने का काम तेज कर दिया है। करीब बीस खंभों की पाइलिंग हो गई है। यहां 44 खंभों पर फ्लाइओवर बनना है। वहीं मंडी परिषद व वन विभाग की जमीन पर भी काम शुरू कर दिया गया है।

सेतु निगम का दावा है कि छन्दोइया गांव के लोग जिस जमीन पर शमशान घाट होने का दावा कर रहे हैं, वह जमीन वन विभाग की है। उधर बीस हजार वर्ग मीटर जमीन फ्लाइओवर के निर्माण में लगेगी। दुबग्गा फ्लाइओवर के निर्माण में मंडी परिषद की 4669 वर्ग मीटर और वन विभाग की 6500 वर्ग मीटर जमीन सेतु निगम ले रहा है।

इसके एवज में करीब 40 करोड़ रुपये प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को दिए जाएंगे। वहीं फ्लाइओवर बनने से पांच लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी और जाम लगना कम हो जाएगा।

वहीं सेतु निगम के मुताबिक पिलर संख्या छह से लेकर 22 तक वन विभाग की जमीन पर बनेंगे, पिलर संख्या 22 से लेकर 35 तक मंडी परिषद की जमीन पर बनेंगे। बाकी पिलर आइआइएम रोड पर बनेंगे। करीब 1811.72 मीटर लंबे फ्लाइओवर का निर्माण 44 पिलरों पर किया जाना है।

दो लेन के फ्लाइओवर के निर्माण में 305.31 करोड़ खर्च होंगे। इस फ्लाइओवर को मेट्रो एलिवेटेड रूट के ऊपर से निकाला जाएगा। दोनों के बीच की दूरी साढ़े पांच मीटर होगी। यह फ्लाइओवर एल शेप में बनाया जा रहा है। यह बुद्धेश्वर चौराहे यानी कानपुर की तरफ से आने वाली रोड से उठेगा और दुबग्गा फ्लाइओवर होते हुए आइआइएम की तरफ जाने वाली रोड से सीधे हरदोई रोड पर उतारा जाएगा।

इसके बनने से कानपुर बाइपास से हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहा, आगरा एक्सप्रेसवे, कानपुर रोड और आइआइएम रोड आने व जाने वाले वाहनों को यू टर्न होकर जा सकेंगे। इसके अलावा सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहे से आने व जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। सेतु निगम के मुताबिक दो वर्ष में फ्लाइओवर का काम पूरा कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में कुकरैल से सर्वोदय नगर के बीच बनेगी एलिवेटेड रोड, तीन लाख लोगों को मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड में सीपेज से नीचे बहने लगा पानी, लगा एक और दाग