लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड में सीपेज से नीचे बहने लगा पानी, लगा एक और दाग
Lucknow-Kanpur ExpressWay: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर बरसात के दौरान शुक्रवार जगह-जगह पानी झरने की तरह बहता दिखाई दिया।
HighLights
हल्की बरसात में एलिवेटेड रोड पर कई जगहों से टपकने लगा पानी
उद्घाटन के चार दिन बाद से ही चर्चित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की जांच भी जारी
संवाद सूत्र, लखनऊ : उद्घाटन के चार दिन बाद से ही नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआई) की बदनामी करा रहे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार को एक और धब्बा लग गया। राजधानी के बंथरा क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर जगह-जगह से पानी नीचे गिरने से लोग हैरान हैं।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर बरसात के दौरान शुक्रवार जगह-जगह पानी झरने की तरह बहता दिखाई दिया। यह नजारा एक जगह का नहीं बल्कि कई जगहों पर देखा गया। बंथरा के हनुमान मंदिर तिराहे के पास के दृश्य ने सबका ध्यान खींचा। यहां ऊपर एलिवेटेड रोड की छत से पानी झरने की तरह बह रहा है।
इसके बाद लोगों ने गौर किया तो इसके आसपास और भी कई जगहों पर पानी रिसता दिखाई दिया। शुक्रवार की सुबह हुई बारिश में भी इसकी छत से पानी टपक रहा था। नीचे डिवाइडर पर गिर रही पानी की धार हाईवे तक बह रही है। पानी की तेज धार से डिवाइडर पर भी गड्ढे बन गए हैं।
हर उस जगह गड्ढे हैं जहां पानी टपक रहा है। तमाम लोगों ने इस नजारे की तस्वीरें भी अपने मोबाइल फोन में कैद की है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। इसे देखकर हर कोई हैरान हैं। अभी सप्ताह भर पहले ही इसी इलाके में आजाद बिहार कालोनी के सामने एलिवेटेड रोड का मलबा एनएच पर गिरा था।
जिसके बाद कानपुर से लखनऊ की तरफ का रास्ता बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। यहां का कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ अब रोड की छत टपकने का मामला सामने आ गया है। नवनिर्मित एलिवेटेड रोड में एक के बाद एक कमियां सामने आने से अब लोग इस पर सफर करने में भी डरने लगे हैं। गढ़ी चुनौटी निवासी युवराज सिंह कहते हैं कि इस रोड से अब भरोसा उठ गया है।
पानी का रिसाव कमजोर कर सकती स्लैब
जानकारों का कहना है कि किसी भी सीमेंटेड छत से पानी का रिसाव उसका जीवन कम कर देता है। इससे लोहे की जाल से मसाले की पकड़ कमजोर हो जाती है। ऐसे में छत गिरने की संभावना बढ़ जाती है। एलिवेटेड रोड में भी मसाले, गिट्टी और लोहे की सरिया का इस्तेमाल हुआ है। इससे जो पानी का रिसाव हो रहा है निश्चित रूप से वह उसे कमजोर करेगा। इसके बाद क्या हो सकता है इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है।
