लखनऊ : एलिवेटेड रोड की कानपुर-लखनऊ लेन के खुलने का अभी करना होगा इंतजार, NHAI ने दिया बड़ा अपडेट
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड की कानपुर-लखनऊ लेन अब 25 सितंबर की बजाय 27-28 सितंबर को खुलेगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एलिवेटेड रोड की कानपुर-लखनऊ लेन खुलने में देरी।
अब 27-28 सितंबर तक खुलने की संभावना है।
डामरीकरण का काम बाकी होने से हुई देरी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड रोड की कानपुर-लखनऊ लेन 25 सितंबर को खोली जानी थी, लेकिन अभी इसमें दो से तीन दिन का समय अभी और लगेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के परियोजना निदेशक नवरत्न ने बताया कि डामरीकरण का काम होना बाकी है।
27 से 28 सितंबर के बीच इस काम को कराने के बाद एलिवेटेड रोड खोली जाएगी। तब तक के लिए कानपुर से आने वाले वाहन बनी टोल से रैम्प के जरिए उतरकर लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ 27) का प्रयोग करते हुए लखनऊ आएंगे। वहीं लखनऊ से कानपुर की तरफ जाने वाला यातायात पूर्व की तरह एलिवेटेड रोड का प्रयोग कर सकेगा।
14 सितंबर को एलिवेटेड रोड से स्लैब की कंक्रीट गिर गई थी। बंथरा के आजाद गेस्ट हाउस और किलोमीटर 19.500 के पास हुई घटना के बाद कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन बंद कर दी गई थी। कई जांचें मौके पर की गई और फिर हाईग्रेड सिमेंट का प्रयोग करते हुए स्लैब तीन मीटर दायरे में डाली गई थी।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
इसे 25 सितंबर को खोलने का दावा एनएचएआइ ने किया था। अब डामरीकरण करने के बाद लेन खोलने की बात कही जा रही है। डामरीकरण होने के बाद शटरिंग भी खोल दी जाएगी और वाहनों का संचालन पूर्व की तरह कर दिया जाएगा।
