लखनऊ में कुकरैल से सर्वोदय नगर के बीच बनेगी एलिवेटेड रोड, तीन लाख लोगों को मिलेगी राहत
New Elevated Road in Lucknow: वर्तमान में व्यय वित्त समिति से 538 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड के लिए पचास करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।

बादशाहनगर व निशातगंज से आने वाला ट्रैफिक क्लोवर लीफ के जरिए सर्वोदय नगर व खुर्रमनगर आसानी से जा सकेगा।
HighLights
बादशाहनगर व निशातगंज से आने वाला ट्रैफिक सर्वोदय नगर व खुर्रमनगर जा सकेगा
पचास करोड़ से बनेगी 538 मीटर लंबी एलिवेटेड डबल लेन रोड
अंशू दीक्षित, लखनऊ। राजधानी लखनऊ को एक और एलिवेटेड रोड मिलने का खाका तैयार हो गया है। इससे तीन लाख से अधिक लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सरकार के इस कदम से जाम में जहां निजात मिलेगी, वहीं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। यही नहीं लोगों को उल्टी दिशा में भी नहीं चलना पड़ेगा। जी हां कुछ ऐसा ही प्रस्ताव पास किया गया है, इस प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम काम करेगा।
वर्तमान में व्यय वित्त समिति से 538 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड के लिए पचास करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। दिसंबर तक शासन से हरी झंडी भी मिल जाएगी और धनराशि भी। नए प्रस्ताव में कुकरैल से सर्वोदय नगर के बीच एलिवेटेड डबल लेन सड़क बनाई जाएगी।
इसके निर्माण से बादशाहनगर व निशातगंज से आने वाला ट्रैफिक क्लोवर लीफ (दो या दो से अधिक चौराहे जहां मिलते हैं) के जरिए सर्वोदय नगर व खुर्रमनगर आसानी से जा सकेगा। वर्तमान में लेखराज से आने वाले वाहनों के कारण चौराहे पर जाम लग जाता है।
यही नहीं चौराहे से पहले बने फ्लाइओवर से उतरने के बाद लोग उल्टी दिशा में लेखराज जाने वाले मार्ग पर भी मुड़ जाते हैं। कुल मिलाकर इस लिंक रोड का प्रयोग आने व जाने में होता है। एलिवेटेड रोड बनने से लोग एक तरफ से जा सकेंगे और दूसरी तरफ से उतर सकेंगे।
सेतु निगम के महाप्रबंधक केके श्रीवास्तव ने बताया कि एलिवेटेड रोड बनने से ढाई से तीन लाख लोगों को राहत मिलेगी। वर्तमान में यह मार्ग काफी चलने लगा है, ग्रीन कारिडोर पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इस एलिवेटेड रोड की कमी महसूस की जा रही थी।
जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव के बाद मौके का सर्वे कराया गया तो महसूस हुआ कि यह काम जितनी जल्द हो जाए, उतना ठीक है। इस एलिवेटेड रोड के बनने से आने वाले दो दशक तक लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। अभियंताओं के मुताबिक धनराशि से लेकर टेंडर जारी होने में जनवरी 2027 तक समय लग सकता है और उसके बाद एक साल के भीतर ही इस एलिवेटेड रोड को बना लिया जाएगा।
