ताइवान की कंपनी यूपी में करेगी 1141 करोड़ रुपये का निवेश, 1200 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
ताइवान की क्रिएटिव सेंसर इंक. उत्तर प्रदेश में 1141 करोड़ रुपये का निवेश कर एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करेगी, जिससे 1200 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
-1773823945948-1795454517920_m.webp)
सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
ताइवान की क्रिएटिव सेंसर इंक. यूपी में करेगी 1141 करोड़ का निवेश।
एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेंसर मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी स्थापित।
प्रदेश में 1200 से अधिक युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. उत्तर प्रदेश में 1141 करोड़ रुपये का निवेश कर एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेंसर मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करेगी। कंपनी के इस प्रस्तावित निवेश से प्रदेश में 1200 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाले रोजगार शामिल हैं।
कंपनी के अध्यक्ष यूजीन हुआंग ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित वातावरण और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यीडा क्षेत्र में विकसित हो रही 300 एकड़ की ताइवान सिटी और प्रस्तावित सेमीकंडक्टर इकाई का भी उल्लेख किया।
2030 तक 250 मिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी की इकाई स्थापित होने से प्रदेश के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी कौशल और विनिर्माण क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा।
ताइपे मुख्यालय वाली क्रिएटिव सेंसर इंक. की स्थापना 1998 में हुई थी। कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा एवं इन्फ्रारेड सेंसर मॉड्यूल, प्रिसीजन इलेक्ट्रानिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित इमेज प्रोसेसिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक 250 मिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।