योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल विस्तार की उलटी गिनती शुरु, अंतिम विस्तार में पांच से सात बदलाव संभव;देखें संभावितों के नाम
Yogi Adityanath Cabinet Reshuffle: पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद अब योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरबदल की तैयारी है।
HighLights
रविवार को जन भवन में होगा शपथ ग्रहण
दलित बिरादरी से भी दो नए चेहरों को किया जाएगा मंत्रिमंडल में शामिल
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह होगा अंतिम विस्तार
पश्चिम में जाट और गुर्जर बिरादरी को मिल सकता है बड़ा मौका
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अब पार्टी की निगाह पूरी तरह से उत्तर प्रदेश पर है। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का अंतिम विस्तार रविवार को होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुलाकात के बाद जन भवन में शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू हो जाएगी। जन भवन में योगी आदित्यनाथ सरकार का विस्तार रविवार शाम को होगा।
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद अब योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरबदल की तैयारी है। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ के सबसे करीबी मंत्री का राजनीतिक भविष्य दांव पर है। इसके साथ ही उनके दो मंत्रियों को संगठन में कार्य करना पड़ सकता है।
सूत्रों का दावा है कि इसके साथ तीन बड़े नेताओं के कामकाज में बदलाव हो सकता है। दिल्ली के करीबी एक मंत्री के विभाग में कटौती हो सकती है तो पश्चिम में जाट और गुर्जर बिरादरी को मिल सकता बड़ा मौका मिल सकता है। केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के संभावित मंत्रियों को शनिवार शाम तक लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल में पूर्वांचल के दो ओबीसी चेहरों को सियासी ताकत मिलेगी तो कई धुरंधर नेताओं के पर कतरे जा सकते हैं। मंत्रिमंडल में एक नए ब्राह्मण चेहरे की भी एंट्री होगी और एक पुराने ब्राह्मण नेता को भी फिर से मौका मिलेगा। इनके साथ दलित बिरादरी से भी दो नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
इस विस्तार में बागी सपा विधायकों की भी किस्मत चमक सकती है। इस फेरबदल और विस्तार में पांच से सात नए मंत्रियों को मौका मिलने की संभावना है। भूपेंद्र चौधरी, मनोज पाण्डेय, अशोक कटारिया, पूजा पाल, श्रीकांत शर्मा, राजीव तरारा, कृष्णा पासवान और राजेश्वर सिंह की किस्मत खुल सकती है। इसके साथ पुराने मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है। इस फेरबदल में कुछ का प्रमोशन भी हो सकता है।
राज्य मंत्री से स्वतंत्र प्रभार या फिर स्वतंत्र प्रभार के मंत्री को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। चार मई की कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले कुछ पुराने मंत्रियों के लिए यह अंतिम बैठक हो सकती है।
शाम को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण, संभावितों के नाम
सुरेश पासी
पद्म सेन चौधरी
मनोज पांडेय
महेंद्र सिंह
आशीष सिंह आशु
अवनीश पटेल
राम चंद्र प्रधान
भूपेंद्र चौधरी
बिजली मंत्री से दोनों विभाग लेकर नया विभाग दिया सकता है…
डिप्टी सीएम केशव मौर्य को ग्राम विकास के साथ नगर विकास भी
असीम अरूण का कैबिनेट प्रमोशन संभावित
दयाशंकर सिंह भी संभावित कैबिनेट मंत्री
स्वतंत्र देव सिंह पर खतरे के बादल।
यूपी में बन सकते हैं 60 मंत्री
यूपी मंत्रिमंडल में अधिकतम 60 लोगों को जगह दी जा सकती है। अभी सीएम योगी समेत 54 मंत्री कैबिनेट में मौजूद हैं। 6 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। योगी कैबिनेट में अभी 21 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार मंत्री, 19 राज्य मंत्री हैं। चर्चा है कि ओबीसी और दलित समाज के उन चेहरों को जगह दी जाए, जिन जातियों ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी से दूरी बना ली थी।
यह भी पढ़ें- बंगाल में BJP की सरकार के बाद अब UP में योगी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, आज राज्यपाल से मिलेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
संगठन से भी कुछ को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी संग महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे कुछ विधान पार्षद भी मंत्रिमंडल में जगह पा सकते हैं।
