विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में पहुंचे CM Yogi Adityanath, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari को पहनाया भगवा गमछा

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 09 May 2026 02:37 PM (IST)

Swearing in Ceremony Of West Bengal CM Suvendu Adhikari: शपथ ग्रहण समारोह में योगी आदित्यनाथ के विशेष अंदाज ने सबका ध्यान खींचा।

HighLights

  1. सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं आर्थिक उत्थान के अमृतकाल में प्रवेश करेगा बंगाल: सीएम योगी आदित्यनाथ

  2. 'एक्स' पर किया पोस्ट, जन-सेवा को सर्वोपरि मान 'सोनार बांग्ला' के गौरव को पुनर्स्थापित करेंगे मुख्यमंत्री व सभी मंत्री

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के स्टार कैंपेनर के रूप में ताबड़तोड़ रैली और रोड शो करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार के गठन के दौरान कोलकाता में भी मौजूद रहे।

योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव के दौरान सुवेंदु अधिकारी के दोनों विधानसभा चुनाव क्षेत्र में प्रचार किया। उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सुवेंदु अधिकारी व सभी मंत्रियों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को भगवा गमछा भेंट किया। मंच पर दिखे इस खास पल को भाजपा की विचारधारा और बंगाल राजनीति के बड़े संदेश से जोड़ा जा रहा है।

सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के बाद माहौल उस समय बेहद खास हो गया, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुवेंदु अधिकारी को भगवा गमछा भेंट किया और अपने हाथों से उनके कंधे पर रखा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल एक सामान्य सम्मान नहीं था, बल्कि इसके पीछे भाजपा की वैचारिक और राजनीतिक रणनीति का बड़ा संदेश भी छिपा हुआ दिखाई दिया।

अब सिद्ध होगा 'सोनार बांग्ला' का संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं आप (सुवेंदु अधिकारी) के ऊर्जावान नेतृत्व में 'सोनार बांग्ला' का संकल्प सिद्ध होगा और प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं आर्थिक उत्थान के अमृतकाल में प्रवेश करेगा। मुख्यमंत्री ने लिखा कि आपका कार्यकाल बंगाल के जन-जन की आकांक्षाओं की पूर्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बने, माँ काली से यही प्रार्थना है।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित मंत्रियों को भी दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को भी बधाई दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल में मंत्री पद की शपथ लेने वाले समस्त माननीय को भी हृदयतल से बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी जन-सेवा को सर्वोपरि मानकर 'सोनार बांग्ला' के गौरव को पुनर्स्थापित करेंगे। माँ काली की कृपा से आप सभी का कार्यकाल यशस्वी और लोक-कल्याणकारी हो। वंदे मातरम्।

भगवा गमछे के राजनीतिक मायने

भारतीय जनता पार्टी और हिंदुत्व की राजनीति में भगवा रंग को विशेष महत्व दिया जाता है। भगवा गमछा केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक संदेश का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ का आज सुवेंदु अधिकारी को भगवा गमछा पहनाना राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा लगातार अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। सुवेंदु अधिकारी को बंगाल भाजपा का बड़ा चेहरा माना जाता है और पार्टी उन्हें राज्य में प्रमुख नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें- Smart Electricity Meters पोस्टपेड मोड में संचालित करने के आदेश जारी, प्री-पेड मीटर व्यवस्था समाप्त

योगी और सुवेंदु की बढ़ती राजनीतिक नजदीकी

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ और सुवेंदु अधिकारी के बीच बढ़ती नजदीकी भाजपा की भविष्य की रणनीति का हिस्सा हो सकती है। योगी आदित्यनाथ भाजपा के उन नेताओं में शामिल हैं जिनकी पहचान हिंदुत्व की मजबूत राजनीति और आक्रामक जनसभाओं के लिए होती है। वहीं सुवेंदु अधिकारी बंगाल में भाजपा के हिंदुत्व आधारित राजनीतिक अभियान के प्रमुख चेहरों में माने जाते हैं। ऐसे में मंच पर दोनों नेताओं की यह तस्वीर भाजपा समर्थकों के बीच तेजी से वायरल हो गई। सोशल मीडिया पर भी इस दृश्य को लेकर काफी चर्चा देखने को मिली।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्रियों का दिल भी कभी-कभार हो जाता है बच्चा जी, योगी आदित्यनाथ व पुष्कर सिंह धामी ने की कसरत

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

कार्यक्रम के तुरंत बाद योगी आदित्यनाथ के भगवा गमछा पहनाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। भाजपा समर्थकों ने इसे “हिंदुत्व और संगठनात्मक एकता” का प्रतीक बताया, जबकि विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करार दिया। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, Facebook और Instagram पर इस तस्वीर को साझा करते हुए बंगाल की राजनीति में भाजपा के नए अभियान से जोड़कर देखा।