कांग्रेस चलाएगी मतदाता सूची जांचने के लिए अभियान, 26 को संविधान दिवस पर निकालेगी संकल्प यात्रा
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों की जांच का अभियान चलाएगी और भाजपा व चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाएगी। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कांग्रेस विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों की जांच करेगी।
भाजपा, चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप।
संविधान दिवस पर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हेतु पदयात्रा होगी।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के मतदाता जोड़ो अभियान के बीच कांग्रेस अब विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच का अभियान चलाएगी। अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची की जांच करेंगे। इसके साथ ही 26 नवंबर को पार्टी संविधान दिवस पर संविधान बचाओ संकल्प यात्रा भी निकालेगी।
चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना ने संयुक्त प्रेसवार्ता में एसआईआर को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। दावा किया कि पूरी प्रक्रिया में मुस्लिम, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के साथ ही पुरुषों की तुलना में महिलाओं के 15 प्रतिशत अधिक वोट काटे गए हैं। दोनों नेताओं ने चुनाव बैलेट पेपर से कराने की पैरवी करते हुए कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग में कोई अंतर नहीं रह गया है। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ की आशंका
मोना ने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ की आशंका को देखते हुए पार्टी ने व्यापक जांच कराने का निर्णय लिया है। कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का परीक्षण करेंगे। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेगी।
प्रदेशभर में पद यात्रा होगी
गौतम ने बताया कि संविधान दिवस पर प्रदेशभर में पद यात्रा होगी। कांग्रेस कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला जाएगा। इसके जरिए संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे। गौतम ने कहा कि देश का संचालन संविधान के अनुसार होगा, मनुस्मृति के आधार पर नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।