लखनऊ प्रशासन की रोक के बाद भी कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च आज, खरगे होंगे शामिल
Congress Samvidhan Raksha March: प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सफाई दी कि भाजपा के इशारे पर जिला प्रशासन ने मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी है।

कांग्रेस गुरुवार को ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी
HighLights
जिला प्रशासन ने नहीं दी मार्च निकालने की अनुमति
पहले मार्च किया रद, फिर निकालने पर अड़ी कांग्रेस
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। संविधान दिवस पर कांग्रेस गुरुवार को ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी। जिला प्रशासन ने हजरतगंज व माल एवेन्यू को संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी है।
नतीजतन दोपहर को पार्टी ने मार्च रद कर पार्टी मुख्यालय में ही अपने कार्यक्रम के आयोजन की घोषणा कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के निर्णय पर नाराजगी जताई। नतीजतन चार घंटे बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सफाई दी कि भाजपा के इशारे पर जिला प्रशासन ने मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी है। इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेस ‘संविधान रक्षा मार्च’ जरूर निकाला जाएगा।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पिछली 16 नवंबर को दिल्ली में हुई चुनावी तैयारियों की बैठक में संविधान दिवस पर मार्च निकालने के निर्देश प्रदेश कांग्रेस को दिए थे। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के अनुसार पार्टी ने मार्च में 40 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन अब 10 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ ही जुटाई जा रही है। हालांकि पार्टी मुख्यालय में करीब एक हजार कुर्सियां ही लगाई गई हैं।
पार्टी की तरफ से बुधवार को मीडिया को पहले प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ की प्रेस कान्फ्रेंस का आमंत्रण दिया गया था। बाद में उसे बदलकर वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया की प्रेस कान्फ्रेंस रख दी गई। उन्होंने पत्रकारों से सीट बंटवारे पर कोई भी बात करने से मना कर दिया। कहा कि वह सिर्फ गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी देने आए हैं।
वहीं, शाम को पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 12 बजकर 40 मिनट पर आंबेडकर महासभा के कार्यालय पहुंचकर डा. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रृद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद दोपहर एक से तीन बजे तक वह मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को लेकर मार्च में शामिल हों। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मार्च शुरू होगा और हजरतगंज स्थित डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर समाप्त होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।