यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, अजय माकन को सौंपी गई प्रत्याशियों के चयन की कमान
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन हेतु तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।

अजय माकन
HighLights
कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी गठित की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को कमेटी का अध्यक्ष बनाया।
असलम शेख और बीवी श्रीनिवास कमेटी के सदस्य नियुक्त हुए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। स्क्रीनिंग कमेटी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार करेगी और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाएगी।
कमेटी के अध्यक्ष पार्टी के कोषाध्यक्ष भी हैं। वहीं, असलम शेख महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं, जबकि बीवी श्रीनिवास भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं।
एआईसीसी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, संबंधित राज्य के एआईसीसी महासचिव या प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य प्रभारी से जुड़े एआईसीसी सचिव भी स्क्रीनिंग कमेटी में पदेन सदस्य होंगे। इसे अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी तैयारी को गति देने के रूप में देखा जा रहा है।