विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीट बंटवारे से पहले ‘मंगल अभियान’ के जरिए चुनावी जमीन परखेगी कांग्रेस, आज से मंडलवार बैठक शुरू

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:04 AM (IST)

समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत से पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी जमीन परख रही है।

एक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)

एक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. कांग्रेस सपा से सीट बंटवारे से पहले चुनावी जमीन परखेगी।

  2. मंडलवार बैठकों में संगठन की सक्रियता का आकलन होगा।

  3. अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के साथ रणनीति बनेगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे की बातचीत से पहले कांग्रेस अपनी चुनावी जमीन परखने में जुट गई है। पार्टी गठबंधन में सीटों पर दावेदारी तय करने से पहले प्रदेश के राजनीतिक माहौल, संगठन की सक्रियता और विधानसभा क्षेत्रों में अपनी स्थिति का आकलन करेगी।

इसके लिए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम व अध्यक्ष आराधना मिश्रा ''मोना'' बुधवार से मंडलवार बैठकों का सिलसिला शुरू करेंगी। इन बैठकों में वह पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से संवाद कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर घोषणा पत्र के लिए क्या मुद्दे हो सकते हैं इसकी जानकारी भी हासिल करेंगे।

झांसी में होने वाली बैठक के बाद 20 नवंबर को सहारनपुर, 22 नवंबर को आगरा और दो दिसंबर को अयोध्या मंडल में बैठक प्रस्तावित है। अयोध्या दो दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष जांएगी। राम मंदिर पहुंचकर श्रीराम मंदिर जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस ने दिसंबर तक सभी मंडलों में बैठकों का अभियान पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इन बैठकों के जरिए पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अपनी ताकत, संगठन की स्थिति और संभावित दावेदारों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

दरअसल, मंगलवार को दिल्ली में समाजवादी पार्टी के साथ प्रस्तावित बैठक अचानक स्थगित हो गई। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली अगली बातचीत से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को ठोस रणनीति बनाने और प्रत्येक विधानसभा सीट के राजनीतिक समीकरणों पर नए सिरे से मंथन करने के निर्देश दिए हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पहले 181 सीटों को लेकर बयान देने और बाद में दोनों दलों के मिलकर चुनाव लड़ने का संदेश दिए जाने के बाद गठबंधन की बातचीत को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। कांग्रेस भी अपनी दावेदारी वाली सीटों के जातीय समीकरण, पिछले चुनाव के प्रदर्शन और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करना चाहती है।

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन उसे दो सीटें छोड़कर बाकी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार पार्टी सीटों की संख्या के साथ-साथ उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देना चाहती है, जहां संगठन की स्थिति और चुनावी संभावनाओं को लेकर बेहतर फीडबैक मिल सके।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने सोनिया गांधी के संस्मरण को बताया ‘आत्मघाती’, कहा- आत्मकथा से कांग्रेस के पुराने कुकर्म हो रहे उजागर



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।