भाजपा ने सोनिया गांधी के संस्मरण को बताया ‘आत्मघाती’, कहा- आत्मकथा से कांग्रेस के पुराने कुकर्म हो रहे उजागर
केसवन ने संस्मरण के विमोचन के समय पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इसे जारी करना राजनीतिक मकसद से किया गया है।

भाजपा ने सोनिया गांधी के संस्मरण को बताया ‘आत्मघाती’
HighLights
राष्ट्रीय प्रवक्ता केसवन बोले-संस्मरण से कांग्रेस के पुराने कुकर्म उजागर
कहा-चुनावों से ठीक पहले संस्मरण जारी करना राजनीतिक अवसरवाद
पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण के विमोचन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी के पुराने गलत कामों पर पर्दा डालने और नेहरू-गांधी परिवार को "क्लीन चिट" देने की कोशिश है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि युवा पीढ़ी के नजरिये से संस्मरण का विमोचन "बहुत नुकसानदेह आत्मघाती गोल" साबित हुआ है, क्योंकि इसने कांग्रेस के "काले कुशासन और पुराने कुकर्मों" को उजागर किया है। इनमें 1984 का सिख-विरोधी नरसंहार और आपातकाल भी शामिल है।
आगे कहा एक व्यक्तिगत संस्मरण में किसी व्यक्ति के दृष्टिकोण को जगह मिल सकती है, लेकिन सोनिया गांधी का संस्मरण उन राजनीतिक गलतियों पर पर्दा डालने की सोची-समझी कोशिश लगता है, जिनके लिए नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व वाली कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार है।
केसवन ने संस्मरण के विमोचन के समय पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इसे जारी करना राजनीतिक मकसद से किया गया है।
उन्होंने कहा,"कांग्रेस के प्रथम परिवार को किसी तरह क्लीनचिट देने के लिए ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर, कुछ बातों को छोड़कर और उन पर पर्दा डालकर पेश करने की संस्मरण की नाकाम कोशिश बुरी तरह उलटी पड़ गई है। संस्मरण को लगातार मिल रही व्यापक आलोचना और विरोध से यह साफ है।"