विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बटेंगे नहीं तो कटेंगे नहीं, विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यों से दें जवाब', कार्यसमिति की बैठक में गरजे CM योगी

Published: Sat, 31 Oct 2026 02:02 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

HighLights

  1. 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करें।

  2. सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाएं, विपक्ष को तथ्यों से जवाब दें।

  3. पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु अभियान, सोशल मीडिया सक्रिय करें।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन की ताकत बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसकी विशिष्ट पहचान विचारधारा, मूल्य और आदर्श हैं। इन्हीं के लिए कार्यकर्ता मान-अपमान की चिंता किए बिना निष्ठा से काम करता है। जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों से सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं।

योगी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार के कामकाज का लाभ तभी राजनीतिक ताकत में बदलेगा, जब उसकी जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचेगी। उन्होंने जिलाध्यक्षों, विधायकों, जिला व विधानसभा प्रभारियों को सरकार की उपलब्धियों तथा पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलनात्मक पुस्तिकाएं प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

बूथ पर सोशल मीडिया टीम रहे सक्रिय 

कार्यकर्ताओं से इनका अध्ययन कर जनता के बीच संवाद स्थापित करने को कहा, ताकि विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव और गलतफहमियों का जवाब तथ्यों के साथ दिया जा सके। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रदेश के 1.63 लाख सक्रिय बूथों से प्रतिदिन विकास कार्यों की सकारात्मक कहानियां साझा करने का आह्वान किया। कहा कि हर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर सोशल मीडिया की सक्रिय टीम हो।

योगी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को महत्वपूर्ण बताते हुए छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कमल साथी एप पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर पात्र मतदाताओं की पहचान करने और 18-19 वर्ष के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलने की घटना का उल्लेख कर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लाठी-गोली खाने के बावजूद संकल्प नहीं छोड़ा। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उसी संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस इतिहास और सरकार के कार्यों को भी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने दीपावली पर वंचितों-निराश्रित परिवारों तक दीप और मिठाई पहुंचाने की अपील की। कहा कि सामाजिक सहभागिता के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से जुड़ना चाहिए।

यह भी पढ़ें- यूपी में 45 करोड़ से बनेंगी 173 पीडियाट्रिक ट्रॉमा यूनिट, हर साल बचेगी 1800 मासूमों की जान

उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि संगठन और राष्ट्र निर्माण का यज्ञ अभी अधूरा है। संदेश साफ था कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, सामाजिक संवाद बढ़ाने और बूथ मजबूत करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को ही उठानी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।