विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में 50 हजार युवाओं को मिलेगा टैबलेट, सीएम योगी करेंगे वितरण

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:18 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे, जो स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना का हिस्सा है।

50 हजार युवाओं को टैबलेट बांटेंगे सीएम योगी। फाइल फोटो

50 हजार युवाओं को टैबलेट बांटेंगे सीएम योगी। फाइल फोटो

HighLights

  1. सीएम योगी 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट बांटेंगे लखनऊ में।

  2. स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत होगा वितरण।

  3. योजना का लक्ष्य दो करोड़ युवाओं को डिजिटल उपकरण देना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार एक बार फिर युवाओं के बीच अपनी प्रमुख योजना के बड़े आयोजन के जरिये पहुंच बनाने जा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत रविवार को लखनऊ मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में टैबलेट का वितरण करेंगे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी बड़े आयोजन से वितरण की शुरुआत की थी। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी शिक्षण संस्थानों के माध्यम से टैबलेट वितरण शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल में 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करीब 60 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने के साथ योजना की शुरुआत की थी। इसी दिन डिजिशक्ति पोर्टल भी लांच हुआ था।

वित्तीय वर्ष 2022-23 में इसे स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के रूप में अगले पांच वर्षों के लिए लागू किया गया। इसके तहत दो करोड़ युवाओं तक डिजिटल उपकरण पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 62 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं।

अगस्त में कैबिनेट ने 25 लाख नए टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी थी। अब योजना में केवल टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। इसका लाभ स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा, नर्सिंग और पैरामेडिकल सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को मिलता है।

संस्थानों के माध्यम से लाभार्थियों का ब्योरा डिजिशक्ति पोर्टल पर सत्यापित किया जाता है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 65-65 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित हैं। भाजपा की वैचारिक विरासत से जुड़े इन नेताओं की स्मृति में बने इस स्थल से युवाओं को सरकार विकास योजनाओं के साथ अपनी वैचारिक पहचान का संदेश भी देगी।

यह भी पढ़ें- अखिल भारतीय केडी सिंह बाबू हॉकी: लखनऊ में दूसरे दिन पेट्रोलियम बोर्ड, इंडियन रेलवे और सीएजी ने दर्ज की जीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।