'सीटों में बढ़ोतरी से राजनीति में बढ़ेगी महिलाओं की हिस्सेदारी'; परिसीमन बिल को लेकर बोले CM योगी
केंद्रीय कैबिनेट की परिसीमन विधेयक को मंजूरी के बाद यूपी में महिला आरक्षण पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को दी मंजूरी।
सीएम योगी ने महिला आरक्षण को बताया महत्वपूर्ण कदम।
यूपी में बढ़ सकती हैं लोकसभा और विधानसभा सीटें।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिसीमन संबंधी विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे वर्ष 2029 से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
प्रस्ताव के तहत लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की जानी है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रविधान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए देश और प्रदेश की महिलाओं को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन संबंधी प्रस्ताव से इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ होगा। सीटों की संख्या बढ़ने से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व के अधिक अवसर मिलेंगे। इससे वे कानून बनाने और नीतिगत फैसलों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगी।
कहा कि उत्तर प्रदेश महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा राष्ट्र सर्वप्रभम के अपने सिद्धांतों पर अडिग है। परिसीमन बिल से सभी की बढ़ेगी भागीदारी, आधी आबादी को हिस्सेदारी मिलेगी। प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे ने कहा संशोधन विधेयक को मंजूरी मिलने से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही है। वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि महिलाओं को उनका अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, लेकिन विपक्षी दल इसमें बाधा डाल रहे हैं। जनता ऐसे दलों को याद रखेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल को बधाई देते हुए कहा कि परिसीमन विधेयक पारित होने का इंतजार है। अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित सभी विपक्षी नेताओं को इसका समर्थन करना चाहिए। दूसरे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव लोकतंत्र को मजबूत करेगा।
उप्र में 120 लोकसभा व 605 विधानसभा की हो सकती हैं सीटें: केशव
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें 80 से बढ़कर करीब 120 और विधानसभा की सीटें 403 से बढ़कर लगभग 605 हो सकती हैं। जनगणना 2011 को आधार बनाकर वर्ष 2029 में परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होने की बात है। इसके बाद महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का रास्ता बनेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।