आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास बनेगा लेवल-वन का ट्रामा सेंटर, होंगे 250 बेड; CM योगी ने दिया निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास 250 बिस्तरों वाला लेवल-वन ट्रामा सेंटर बनाने का निर्देश दिया है। यह ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार प्रदान करने के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे ढाई सौ बेडों का लेवल-वन ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई (इटावा) के अंतर्गत नया सेंटर बनाने के लिए कहा है।
मंगलवार को बतौर कुलाधिपति विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे विश्वविद्यालय परिसर से लगभग दस किलोमीटर दूर है, जिससे दुर्घटना पीड़ितों के उपचार में कीमती समय नष्ट होता है। उन्होंने इस आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय को पश्चिमी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के लिए उच्चस्तरीय चिकित्सा, शिक्षण एवं शोध के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फार रूरल हेल्थ’की स्थापना के निर्देश दिए। इसमें टेली-ओपीडी, वर्चुअल ओपीडी, डिजिटल डेटा एकीकरण तथा मोबाइल आउटरीच जैसी सेवाएं शामिल होंगी। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के बढ़ाने, एवं अनुसंधान को लेकर कई निर्णय लिए गए।
उन्होंने कहा कि उपचार, शिक्षण और अनुसंधान के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्ता, संवेदनशीलता तथा समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों को प्राथमिकता देते हुए देश के अग्रणी चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थानों की कार्यसंस्कृति का अध्ययन कर उसे विश्वविद्यालय की व्यवस्था में समाहित करने के लिए कहा।
विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटिव मेडिसिन यूनिट की स्थापना की जाएगी। एलोपैथी एवं आयुष पद्धतियों के समन्वय से रोगी-केन्द्रित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। आयुष विभाग के सहयोग से इंटीग्रेटिव ओपीडी, विशेष क्लीनिक, योग एवं वेलनेस इकाई स्थापित की जाएंगी। स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसंपर्क को बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय में कम्युनिटी ब्राडकास्ट सर्विस की स्थापना होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।