विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Budget 2026: योगी आदित्यनाथ सरकार ने पेश किया अपना दसवां बजट, आकार 9.12 लाख करोड़ से अधिक रुपये

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Wed, 11 Feb 2026 12:45 PM (IST)

UP Budget 2026: प्रदेश, कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेख कुमार खन्ना

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेख कुमार खन्ना

HighLights

  1. सरकार का दावा बजट जनआकांक्षाओं और विकास के संकल्प पर केंद्रित

  2. आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने के लिए चौतरफा विकास को और रफ्तार देना लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार को विधानसभा में अपना दसवां बजट पेश किया। बजट सत्र के तीसरे दिन पेश बजट को लेकर सरकार का दावा है कि इस बजट से सरकार प्रदेशवासियों को खुश करने के साथ ही आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने के लिए राज्य के चौतरफा विकास को और रफ्तार देगी।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को योगी सरकार का दसवां बजट सदन में पेश किया। वित्त वर्ष 2026-27 का यह बजट सरकार 2.0 के दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट है, क्योंकि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव प्रस्तावित है। पंचायती राज की योजनाओं के लिए लगभग 32 हजार करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है जो पिछले साल की तुलना में 67 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर प्रदेश में इस साल पंचायत चुनाव भी संभावित है। बजट भाषण में यूपी में दस लाख युवाओं को रोजगार देने तथा लड़कियों की शादी के लिए देय सहायता राशि को बढ़ा कर अब एक लाख रुपये करने की घोषणा की गई। बजट आकार नौ लाख 12 हजार करोड़ का रखा गया है। छात्राओं को स्कूटी के लिए भी 400 करोड़ का प्रविधान किया गया है। अपने भाषण में वित्त मंत्री ने बजट उद्देश्य के संकल्प को इन पंक्तियों में प्रस्तुत किया- "दीया जलाकर रोशनी कर दूं, जहां अंधेरा है।" युवाओं और महिलाओं के लिए इस बार के बजट में कई घोषणाएं की गई हैं। जनआकांक्षाओं, विकास कार्य व सबकी खुशहाली पर बजट केंद्रित है। वित्त मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में यह बजट नई ऊर्जा देगा। 

उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेख कुमार खन्ना ने नौ लाख, 12 हजार, 696 करोड़ 35 लाख रुपये का उत्तर प्रदेश बजट 2026–27 पेश किया कुल बजट ₹9.12 लाख करोड़ में 12.9 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसमें पूंजीगत व्यय 19.5 प्रतिशत है। जन-आकांक्षाओं, सुशासन और समावेशी विकास के एजेंडे को केंद्र में रखकर 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के बजट से सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और रोजगार सृजन पर फोकस किया है।
बजट का आकार चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के 8.08 लाख करोड़ रुपये के मूल बजट से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ाया गया है। विकास कार्यों को गति देने के लिए पूंजीगत व्यय के लिए करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये तक का प्रविधान बजट में किया गया है। सदन में वित्त मंत्री ने कहा कि बजट जनता की अपेक्षाओं, विकास और सुशासन की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट डबल इंजन सरकार की विकासशील सोच और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतिबिंब होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, निवेश और आधारभूत ढांचे में जो भरोसा प्रदेश ने हासिल किया है, यह बजट उसी भरोसे को और मजबूत करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि बजट उन लोगों को ठोस जवाब देगा जो प्रदेश के विकास पर सवाल खड़े करते हैं। आज प्रदेश निवेश, इन्फ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और यह बजट इस यात्रा को और तेज रफ्तार देगा।
खन्ना ने कहा कि वित्तीय अनुशासन के साथ तैयार किया गया बजट आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा। प्रस्तावित बजट में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन के साथ महिला व युवा सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है। बजट के जरिए खासतौर पर पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अन्य पिछड़े क्षेत्रों के संतुलित विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि विकास की धारा प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचे।
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले पेश किए जाने वाले इस भारी-भरकम बजट के जरिये योगी सरकार प्रदेशवासियों को खुश कर अपनी हैट-ट्रिक सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी। वर्ष 2017 में योगी सरकार ने अपना पहला बजट 3.85 लाख करोड़ रुपये का पेश किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।