आतंकियों की हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी, इनके लिए भारत में कोई जगह नहीं : योगी आदित्यनाथ
UP Police Joint Training: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि NSG एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसजी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
HighLights
एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
कोई आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकेगा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनएसजी कमांडोज ने मॉक ड्रिल के माध्यम से अदम्य साहस, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन करते हुए आतंकियों को निष्क्रिय करने का सफल अभ्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि NSG एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच यह संयुक्त प्रशिक्षण आतंकवाद और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता को और मजबूत करेगा। देश के आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है।
अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। बदलती वैश्विक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क के साथ तैयार रहना होगा। बुधवार से शुरू हुआ एनएसजी और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के आपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की सैन्य ताकत और जवाबी कार्रवाई का सामर्थ्य दिखाया है। आंतरिक सुरक्षा पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। न नक्सलियों को संरक्षण मिलेगा, न आतंकियों को मौका दिया जाएगा और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जहां सुरक्षा बल हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। उन्होंने आगाह किया कि आतंकी अब हवाला नेटवर्क, नकली करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टो करेंसी के जरिये भी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कोई आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकेगा। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।
यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व है। प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 65 मिनट से घटाकर पांच से सात मिनट तक किया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।