अखिलेश के 'घुसपैठिया' वाले बयान पर भड़के CM धामी, बोले- ये देवभूमि उत्तराखंड और हमारे संघर्ष का अपमान
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को 'घुसपैठिया' कहने वाले बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी आपत्ति जताई है।

HighLights
अखिलेश के 'घुसपैठिया' बयान पर सीएम धामी ने जताई नाराजगी।
धामी ने इसे उत्तराखंड के स्वाभिमान और संघर्ष का अपमान बताया।
मुजफ्फरनगर घटना और कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ''''घुसपैठिया'''' वाले बयान को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने राज्य का अपमाना बताया है। धामी ने कहा है कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उनके स्वाभिमान और राज्य के लिए किए गए संघर्ष का अपमान है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस पर भी सवाल खड़ा किया है।
शुक्रवार को सपा प्रमुख ने घुसपैठियों से जुड़े प्रश्न पर कहा था कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा घुसपैठिया तो उत्तराखंड के हैं, उनका तंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर थे। वह पहले भी इस तरह का बयान दे चुके हैं। सपा प्रमुख ने अपने बयान में आगे कहा कि भाजपा की भाषा और घुसपैठिया शब्द से हिंदुस्तानियत कमजोर नहीं होगी। जनता इनको समझ चुकी है।
शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने अखिलेश के इसी बयान की वीडियो की क्लिप एक्स पर साझा कर लिखा, उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे संघर्ष का अपमान है।
मुजफ्फरनगर की घटना पी दिलाई याद
उन्होंने मुजफ्फरनगर की घटना याद दिलाते हुए लिखा कि उत्तराखंड के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि जब अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे, तब उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चली थीं।
यह भी पढ़ें- मायावती के करीबी रहे पूर्व IAS राम बहादुर का भाजपा से मोह भंग, विधानसभा चुनाव से पहले थामने जा रहे सपा का दामन
धामी ने आगे सवाल पूछते हुए लिखा, क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को जवाब देना चाहिए।
