छठ की छटा: सजने लगे गोमती के घाट, लक्ष्मण मेला स्थल पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे CM योगी
लखनऊ में चार दिवसीय छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं, जो 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
छठ महापर्व 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा।
सीएम योगी 15 नवंबर को लक्ष्मण मेला स्थल पर अर्घ्य।
गोमती के घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व इस बार 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय पर्व को लेकर शहर के विभिन्न घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
लक्ष्मण मेला स्थल स्थित छठ घाट पर नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। व्रती महिलाओं के लिए वेदी (सुशोभिता) बनाई जा रही हैं। गोमती तट पर टेंट, रोशनी और सजावट की तैयारियां भी चल रही हैं।
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि लक्ष्मण मेला स्थल पर 15 और 16 नवंबर को 43वां छठ महापर्व आयोजित होगा। 15 नवंबर को शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व की शुरुआत करेंगे।
लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आयोजन का समापन होगा। समाज की ओर से प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा, यातायात, जल पुलिस, स्टीमर, फागिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
चार दिन ऐसे मनाया जाता है छठ पर्व
आदिल नगर निवासी रंजन सिंह ने बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत होगी। इस दिन घर और पूजन स्थल की साफ-सफाई कर शुद्धता के साथ स्नान और भोजन किया जाता है। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर, रोटी आदि का प्रसाद तैयार करती हैं। कुछ स्थानों पर इसी दिन छोटी छठ भी मनाई जाती है।
यह भी पढ़ें- PM मित्र टेक्सटाइल पार्क के लिए मिले 5000 करोड़ के प्रस्ताव, लखनऊ-हरदोई सीमा पर 1000 एकड़ में होगा निर्माण
15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा। छठ में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना और साठी के चावल से बना कसार प्रमुख प्रसाद हैं। लक्ष्मण मेला स्थल पर वृंदावन से आई संतोष व बालू अड्डा की पूजा पूजन के लिए विधि का निर्माण कर रही हैं।
इन घाटों पर भी आयोजन की तैयारी
लक्ष्मण मेला स्थल के अलावा झूलेलाल वाटिका, खाटू श्याम मंदिर के पास, मनकामेश्वर मंदिर घाट और खतरा स्थित शिव मंदिर घाट पर भी छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। संयोजक धनंजय द्विवेदी ने बताया कि इन स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।