छठ महापर्व का आगाज: लखनऊ के 110 घाटों पर सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम, अपर नगर आयुक्त ने लिया जायजा
लखनऊ में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है, जिसके लिए नगर निगम ने शहर के 110 घाटों पर सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
नगर निगम ने 110 घाटों पर तैयारियां पूरी कीं।
सुरक्षा, सफाई, प्रकाश और पेयजल के विशेष प्रबंध।
अपर नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए नगर निगम ने शहर के 110 घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इनमें 47 प्रमुख और 63 छोटे घाट शामिल हैं। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल से लेकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन तक के प्रबंध किए गए हैं।
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर नदी और घाटों से काई, जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट हटाए गए हैं।
छोटे घाटों पर भी सफाई, रंगाई-पुताई और झालरों से सजावट कराई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर हाईमास्ट लाइट, बैरिकेडिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए घाटों तक पहुंचने के रास्ते भी व्यवस्थित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: कोहरे और स्मॉग ने धीमी की वाहनों की रफ्तार, राजधानी में AQI 300 पार
प्रमुख घाटों पर पेयजल टैंकर, मोबाइल शौचालय और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पर्व के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।