ECI में विवाद की खबरों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त का UP दौरा स्थगित, मेरठ-वाराणसी में Gen-Z से होना था संवाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मेरठ और वाराणसी का प्रस्तावित दौरा स्थगित हो गया है। यह स्थगन भारत निर्वाचन ...और पढ़ें

HighLights
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यूपी दौरा स्थगित हुआ।
मेरठ-वाराणसी में युवाओं संग संवाद कार्यक्रम अब रद्द कर दिया गया।
ECI आंतरिक मतभेद और विशेष पुनरीक्षण विवाद के कारण स्थगन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग के भीतर कथित मतभेद और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर उठे सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उत्तर प्रदेश में मेरठ और वाराणसी का प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित हो गया है।
मेरठ में शुक्रवार 25 सितंबर को निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी 2.0) एवं ईसीआइनेट का क्षेत्रीय सम्मेलन और युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम होना था। वाराणसी में भी मुख्य चुनाव आयुक्त का 28 सितंबर को 'जेन-जी' के साथ संवाद प्रस्तावित था। अब दोनों ही कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और एसआइआर को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। पिछले दिनों प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 से ज्यादा बार फैसलों और आदेशों पर लिखित में आपत्ति दर्ज कराई है।
विचार-विमर्श में अलग-अलग मत होना असामान्य नहीं
संधू व जोशी के मुताबिक उनकी जानकारी के बिना ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कई फैसले लिए और आदेश जारी किए गए। इसको लेकर विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफा देने की मांग की है। हालांकि आयोग यह सफाई दे रहा है कि आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग मत होना असामान्य नहीं है।
राजधानी लखनऊ में अगस्त माह में ज्ञानेश कुमार ने 'जेन-जी' के साथ सीधे संवाद कर निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची, मतदान और आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी साझा की थी। इसके साथ ही ईएलसी 2.0 की शुरुआत की गई थी। आयोग की योजना इसके बाद मेरठ और वाराणसी में क्षेत्रीय स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाने की थी।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
पहले दो-दो दिनों के कार्यक्रम दोनों ही शहर में रखे गए थे, किंतु बाद में इन्हें घटाकर एक-एक दिन कर दिया गया था। मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शैक्षिक संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद के जरिए युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने तथा उनके सवालों का जवाब देने की योजना थी।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
वाराणसी में भी इसी कड़ी में युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों और मतदाता सेवाओं से अवगत कराया जाना था। अब यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। आयोग ने कार्यक्रम स्थगित करने के कारण नहीं बताए हैं, किंतु यह माना जा रहा है कि ताजा विवाद के कारण ही यह कार्यक्रम टाला गया है।
