शिवा शर्मा की मौत का CCTV आया सामने, लखनऊ में चौथी मंजिल से गिरते दिखे; फरार मॉडल श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप
Shiva Sharma Murder Mystery: लखनऊ में युवा कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया ...और पढ़ें
HighLights
शिवा की हत्या आरोपित लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे अपनी बहन और दो लोगों के साथ फरार
शिवा शर्मा की मां का आरोप, नेताओं से उसके संपर्क तो बेटे को धमकाती और पीटती
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : राजधानी में शुक्रवार रात व्यवसायी 28 वर्षीय शिवा शर्मा की मौत के बाद से फरार उसकी लिव-इन पार्टनर का अभी कुछ भी पता नहीं चला है। शिवा शर्मा की मां ने फरार मॉडल, इनफ्लुएंसर और लिव-इन पार्टनर के साथ ही उसकी बहन और सहयोगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इसी बीच पुलिस को शिवा शर्मा की मौत का CCTV भी मिला है।
मूलत: रायबरेली निवासी मॉडल श्रद्धा दुबे दस वर्ष पहले लखनऊ आई थी और उसकी शिवा शर्मा से एक क्लब में भेंट हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और डेट करने लगे। इसके बाद श्रद्धा और शिवा लिव-इन में थे। श्रद्धा के कई नेता, टॉप ब्यूरोक्रेट, पुलिस अधिकारियों और इंडियन क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से संपर्क हैं।
दिखाती थी ऊंची पहुंच का डर
श्रद्धा ने शिवा से खूब पैसे वसूले और नहीं देने पर अपनी ऊंची पहुंच का डर दिखाती थी। पुलिस ने जब श्रद्धा की कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें बिल्डर, नेता, कई रसूखदारों के नंबर मिले हैं। मां का आरोप है कि श्रद्धा दुबे और अन्य ने शिवा को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। श्रद्धा लोगों से नजदीकी बढ़ाकर उनसे रुपये लेती थी। उसके कुछ लोगों के वीडियो बनाने और उनके जरिए दबाव बनाने की भी बात सामने आई है।
संदिग्ध मौत मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज आया सामने
लखनऊ में युवा कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। युवा कारोबारी की फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हुई थी। सीसीटीवी में शिवा शर्मा नीचे गिरते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद लोग वहां पर आते हैं और गाड़ी से शिवा शर्मा को अस्पताल लेकर जाते हैं।
हजरतगंज क्षेत्र के अवध ग्रीन अपार्टमेंट
मामला लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है। श्रद्धा दुबे इसी बिल्डिंग में रहती है। यहां से सामने आए CCTV फुटेज में एक व्यक्ति इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिरता दिखाई देता है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचते हैं। घायल युवक को गाड़ी से अस्पताल ले जाते हैं। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा के रूप में हुई है, जो कैफे चलाते थे। हालांकि, सामने आए फुटेज से अपने आप यह स्पष्ट नहीं होता कि शिव शर्मा किन परिस्थितियों में नीचे गिरे थे।
कुछ लोग सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते दिखे
इंस्पेक्टर हजरतगंज, विक्रम सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी में शिवा के गिरने के बाद कुछ लोग सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते दिखाई दिए। फुटेज में सचिवालय पास लगी ऑडी अपार्टमेंट से निकलती दिखी है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या आरोपित इसी गाड़ी से भागे थे। इसके साथ श्रद्धा की ओर से कारोबारी पर रेप का आरोप लगाते हुए तहरीर देने की चर्चा है।
चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर श्रद्धा दुबे
श्रद्धा दुबे अभी लखनऊ पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और पुलिस तो उसकी लोकेशन तक नहीं ट्रेस कर पा रही है। यह भी जानकारी मिली है कि दुबे चार मोबाइल फोन का प्रयोग करती है। श्रद्धा दुबे के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और उसका सहयोगी आदिल भी फरार है। शिवा की मां का आरोप है कि उनके बेटे को पहले पीटा गया और फिर चौथी मंजिल से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इन आरोपों की जांच शुरू कर दी है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि श्रद्धा उनके बेटे को अपने साथ रखने के लिए ब्लैकमेल भी करती थी।
अयोध्या की तरफ भागी श्रद्धा, नेपाल जाने की संभावना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिवा की मौत के बाद श्रद्धा अयोध्या की तरफ भागी थी। पुलिस टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दिल्ली से लेकर नेपाल तक पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। पांच संदिग्धों से पुलिस की पूछताछ जारी है।
भौकाल बनाने के लिए खरीदी ब्लैक स्कॉर्पियो
श्रद्धा ने 2025 में एक ब्लैक स्कॉर्पियो खरीदी थी, जिसका शो-ऑफ उसने अपने सोशल मीडिया पर भी किया था। उसने लखनऊ में 'इंडिया ग्लैमरस रनवे वीक' का आयोजन कराने के साथ ही उसने दिल्ली के यू एंड आई इंटरनेशनल फेस ऑफ फैशन वीक में शो टॉपर का खिताब जीता था। उसे बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ का अवॉर्ड भी मिला था और वह ज़ी म्यूजिक के एल्बम तुझमें है बारिश में बतौर स्टार कास्ट नजर आ चुकी थी।
