भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को कैसे ध्वस्त करें? सीबीआइ ने 16 देशों के अधिकारियों को दी ट्रेनिंग
सीबीआइ ने गाजियाबाद अकादमी में 16 देशों के 24 अधिकारियों को भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने का प्रशिक्षण दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सीबीआइ ने 16 देशों के अधिकारियों को भ्रष्टाचार विरोधी प्रशिक्षण दिया।
क्रिप्टो करेंसी, बेनामी संपत्ति ट्रैकिंग की तकनीकें सिखाई गईं।
प्रशिक्षण में डिजिटल साक्ष्य जुटाने और मनी ट्रेल पर जोर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भ्रष्टाचार की कमाई कहां छिपाई गई है, किस रास्ते से उसका निवेश हुआ और बेनामी संपत्तियों के पीछे असली मालिक कौन है? ऐसे सवालों के जवाब तलाशने और भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के जांच के गुर सीबीआइ ने 16 देशों के 24 अधिकारियों को सिखाए।
गाजियाबाद स्थित सीबीआइ अकादमी में चार से 10 नवंबर तक चले विशेष प्रशिक्षण में अधिकारियों को क्रिप्टो करेंसी में निवेश की ट्रैकिंग से लेकर मुखौटा कंपनियों और बेनामी संपत्तियों का पर्दाफाश करने तक की तकनीक बताई गई।
विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आइटीईसी) कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रशिक्षण में डिजिटल साक्ष्य जुटाने, धन के लेन-देन की कड़ियां (मनी ट्रेल) जोड़ने और अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को बताया गया कि भ्रष्टाचार की कमाई को अलग-अलग वित्तीय माध्यमों से छिपाने के बावजूद जांच में साक्ष्यों और लेन-देन की कड़ियों के आधार पर वास्तविक मालिक तक कैसे पहुंचा जा सकता है।
इसके साथ ही अवैध संपत्तियों की जब्ती, मुकदमे में साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल और अपराध की कमाई की बरामदगी के कानूनी प्रविधानों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने सीबीआइ मुख्यालय में नेत्रा लैब और ग्लोबल आपरेशंस सेंटर का भी भ्रमण किया। प्रशिक्षण में 11 महिला और 13 पुरुष अधिकारी शामिल हुए। 10 नवंबर को सीबीआइ के विशेष निदेशक एन. वेणुगोपाल ने प्रशिक्षण का समापन किया।
यह भी पढ़ें- SCSS vs MIS: 15 लाख के निवेश पर किसमें होगी ज्यादा कमाई? टेबल के जरिए समझें पूरा कैलकुलेशन