2027 चुनाव से पहले BSP का बड़ा दांव, कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन
बसपा 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांशीराम के 20वें परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन कर रही है। पार्टी सुप्रीमो मायावती और आकाश आनंद कांशीराम को श्रद्धांजलि देंगे।

HighLights
बसपा कांशीराम के 20वें परिनिर्वाण दिवस पर शक्ति प्रदर्शन करेगी।
लखनऊ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश भर के कार्यकर्ता जुटेंगे।
मायावती और आकाश आनंद कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव से पहले बसपा, कांशीराम के 20वे परिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को शक्ति प्रदर्शन करेगी। राजधानी लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश भर से पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। इसके लिए गुरुवार ही कार्यकर्ताओं का लखनऊ पहुंचना शुरू हो गया था।
स्मारक स्थल पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की मौजूदगी में कार्यक्रम होगा। वहीं पार्टी सुप्रीमो मायावती खुद अपने भतीजे व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के साथ नौ, माल एवेन्यू स्थित अपने बंगले पर कांशीराम को श्रद्धांजलि देंगी।
कार्यकर्ताओं को एकत्र होने के लिए कहा
पिछले कई चुनावों से विधान सभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन कर रही बसपा वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव के लिए तैयारी में जुटी है। पार्टी की रणनीति कांशीराम जयंती पर राजधानी में भीड़ जुटाकर चुनाव से पहले माहौल बनाने की है। इसके लिए ही मायावती ने इस बार लखनऊ में कांशीराम स्मारक स्थल पर ही पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं को एकत्र होने के लिए कहा है।
गुरुवार से ही लखनऊ में पहुंच कार्यकर्ताओं को रमाबाई आंबेडकर मैदान में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। पार्टी नेताओं के अनुसार बसपा सुप्रीमो द्वारा सुबह नौ केंद्रीय कैंप कार्यालय वाले अपने बंगले पर स्थापित कांशीराम की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन आर्पित करेंगी।
उसके बाद 10 बजे कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही सभी कोआर्डिनेटर, पूर्व सांसद, विधायक, मंत्री और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
