विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधानसभा चुनाव से पहले बसपा का बड़ा दांव; आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर आज मायावती करेंगी शक्ति प्रदर्शन

Published: Fri, 06 Nov 2026 12:53 AM (IST)

विधानसभा चुनाव से पहले बसपा 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में मायावती के नेतृत्व में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी।

बसपा सुप्रीमो मायावती।

बसपा सुप्रीमो मायावती।

HighLights

  1. मायावती 6 दिसंबर को लखनऊ में श्रद्धांजलि समारोह का नेतृत्व करेंगी।

  2. विधानसभा चुनाव से पहले बसपा अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएगी।

  3. मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले बसपा अपनी राजनीतिक ताकत का बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। छह दिसंबर को डा. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ स्थित डा. भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर बड़ा श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व खुद बसपा अध्यक्ष मायावती करेंगी।

गुरुवार को पार्टी की बैठक में मायावती ने इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध स्वीकार कर लिया। पार्टी इसे ऐतिहासिक बनाने के संकल्प के साथ जुटेगी। श्रद्धांजलि समारोह की व्यापक तैयारियों के मद्देनजर बसपा प्रमुख ने सेक्टरवार कैडर कैंप को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश

बसपा सुप्रीमो ने गुरुवार को माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें छह दिसंबर के आयोजन के साथ विधानसभा चुनाव की बूथ स्तर तक तैयारियों, संभावित उम्मीदवारों के चयन और सर्वसमाज के गरीब व कमजोर वर्गों को वोट की ताकत के प्रति जागरूक करने के अभियान की समीक्षा की गई। उन्होंने संगठन की कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने और पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए।

मायावती ने पांचवीं बार प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि ‘वोट हमारा, राज भी हमारा’ के मिशन को आगे बढ़ाना है। उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें- कुकरैल नाइट सफारी: सुप्रीम कोर्ट की CEC ने उठाए सवाल, सरकार को नए सिरे से करनी होगी योजना की समीक्षा

साथ ही ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने बसपा सरकारों के कार्यकाल में कानून के राज, जनकल्याण और विकास के कामों को पार्टी की ताकत बताते हुए सुशासन की वापसी का भरोसा भी जताया।

बैठक में सभी जिलों को छह दिसंबर के आयोजन में भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया। पार्टी विधान सभा चुनाव से पहले इस आयोजन से बड़ा संदेश देना चाहती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।